प्रधानमंत्री विद्यालक्ष्मी योजना पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

2

इंद्री विजय कांबोज।। शहीद ऊधम सिंह राजकीय महाविद्यालय, मटक माजरी में आज प्रधानमंत्री विद्यालक्ष्मी योजना के संबंध में विद्यार्थियों को जागरूक करने हेतु एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योजना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) महेंद्र सिंह बागी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आर्थिक संसाधनों की कमी किसी भी विद्यार्थी की उच्च शिक्षा के मार्ग में बाधा नहीं बननी चाहिए। भारत सरकार द्वारा प्रारंभ की गई प्रधानमंत्री विद्यालक्ष्मी योजना मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए वित्तीय सहायता प्राप्त करने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे इस योजना की पात्रता एवं शर्तों की जानकारी प्राप्त कर इसका अधिकतम लाभ उठाएं तथा अपने शैक्षणिक लक्ष्यों को प्राप्त करें।

प्राचार्य ने यह भी बताया कि योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी महाविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है। विद्यार्थी वेबसाइट पर दिए गए लिंक के माध्यम से योजना के विभिन्न प्रावधानों, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा वित्तीय सहायता संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह योजना विद्यार्थियों के समक्ष उच्च शिक्षा प्राप्त करने में आने वाली वित्तीय बाधाओं को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में एनसीसी अधिकारी कैप्टन रणबीर सिंह ने प्रधानमंत्री विद्यालक्ष्मी योजना के उद्देश्यों, लाभों तथा आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि अब योग्य एवं मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए वित्तीय कारणों से उच्च शिक्षा के अवसर सीमित नहीं रहेंगे।

कार्यक्रम में सहायक प्राध्यापिका डॉ. मीनाक्षी, जो प्रधानमंत्री विद्यालक्ष्मी योजना की महाविद्यालय नोडल अधिकारी हैं, ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। इसके अतिरिक्त सहायक प्राध्यापक मंजू मलिक, अमन मलिक तथा डॉ. सुमन भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों की ओर से आयुष, अरुण, अभिषेक, पोरुष, आर्यन तथा चिराग सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।