केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पर अटल पार्क में आयोजित कार्यक्रम में की शिरकत, नमन कर दी श्रद्धांजलि
करनाल विजय काम्बोज । केन्द्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ने शासन को सुशासन में बदलने का विजन दिया। उनके इसी विजन को 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर वर्ष 25 दिसंबर को सुशासन दिवस के रूप में बनाने की घोषणा की थी।
केन्द्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल वीरवार को सेक्टर 9 स्थित अटल पार्क में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। इससे पहले केंद्रीय मंत्री ने अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
उन्होंने कहा कि भारत ने लगभग 500 वर्षों का गुलामी का काल देखा है, लेकिन महापुरुषों और गुरुओं के बलिदान ने देश की राष्ट्र भावना को कभी झुकने नहीं दिया। आज हम जिस खुली हवा में सांस ले रहे हैं, वह कोई सस्ती आजादी नहीं है, बल्कि लाखों बलिदानों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आज सरकार का लक्ष्य भारत के 5000 साल पुराने गौरवशाली इतिहास को संजोए रखना है। इस दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सकारात्मक प्रयास दिखाई दे रहे है।
उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी ने अपने कार्यकाल के दौरान देश में शासन, कर्तव्य और सेवा की भावना से कार्य किया। उन्होंने देश की एकता व अखंडता के लिए स्वर्णिम चतर्भुज का निर्माण किया। उनकी दूरदर्शी सोच ने न केवल देश को सडक़ों से जोड़ा बल्कि उत्तर-दक्षिण और पूर्व-पश्चिम को एकता के सूत्र में बांधने का काम किया। 
उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश में 2014 में भाजपा की सरकार बनी तब प्रदेश में सुशासन लाने के लिए अनेक योजनाएं लाई गई ताकि जनता को दफ्तरों के चक्कर काटने से मुक्ति मिल सके। आमजन को घर बैठे ही सभी सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। इसी वर्ष प्रदेश में सीएम विंडो को लॉन्च किया गया था। उन्होंने बताया कि सीएम विंडो से जनता की शिकायतों को घर बैठे दूर किया जा रहा है, पिछले 10 वर्षों में 11 लाख शिकायतों का निवारण हुआ। उन्होंने कहा कि परिवार पहचान पत्र और ऑनलाइन राशन कार्ड के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को सीधे लाभ पहुँचाया गया और भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई गई।
अटल जी ने देश को सुशासन की दिखाई राह : हरविन्द्र कल्याण
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी को नमन करते हुए कहा कि आज का दिन विशेष है,आज पूरा विश्व अटल जी के योगदान को याद कर रहा है। उन्होंने कहा अटल जी ने उस समय देश में सुशासन स्थापित किया जब राष्ट्र अपनी राह से भटक रहा था। उन्होंने न केवल भारत का गौरव बढ़ाया, बल्कि गरीब से गरीब व्यक्ति को उसका हक दिलाने के लिए एक पारदर्शी व्यवस्था खड़ी की।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के नौ साल के मुख्यमंत्री कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने हरियाणा में ‘अहंकार की राजनीति’ को समाप्त कर ‘सेवा भाव’ की नई संस्कृति विकसित की है। हरियाणा के युवाओं को बिना ‘खर्ची-पर्ची’ के केवल योग्यता (मेरिट) के आधार पर नौकरी देकर उन्होंने युवाओं को कड़ी मेहनत और परिश्रम की राह पर अग्रसर किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को सिद्ध करने के लिए हरियाणा को प्रगति की राह पर आगे बढ़ाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। जिसके लिए सभी को अपने दायित्वों को पूरी ईमानदारी से निभाने का संकल्प करना चाहिए।
अटल बिहारी वाजपेयी जी के दिखाए मार्ग से मिली देश को विकास की नई गति : रेनू बाला
इस अवसर पर करनाल की मेयर रेनू बाला गुप्ता ने कहा कि आज देश भर में सुशासन दिवस मनाया जा रहा है। भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी के दिखाए मार्ग पर चलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को विकास की नई गति दी है। उन्होंने कहा कि सरकार इसी सुशासन की नीति पर चलते हुए साफ नियत से कार्य कर रही है। जिससे आज समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुँच रहा है। आज बिना भेदभाव के हर शहर और वार्ड में हो रहा विकास ही असली सुशासन है।
अटल बिहारी वाजपेयी ने अपने शासनकाल में विकास की रखी नींव: प्रवीण लाठर
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीण लाठर ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने अपने शासनकाल में विकास की जो नींव रखी थी, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने आगे बढ़ाते हुए देश व प्रदेश को प्रगति के शिखर पर पहुँचाया है। अटल जी का जीवन हर कार्यकर्ता के लिए प्रेरणापुंज है और उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही हम ‘अंत्योदय’ के लक्ष्य को प्राप्त कर रहे हैं।
कार्यक्रम में इंद्री विधायक रामकुमार कश्यप ने भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी को नमन किया और कार्यक्रम में आए सभी अतिथियों का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर इंद्री के विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप, नीलोखेड़ी विधायक भगवानदास कबीरपंथी, जिला प्रभारी भारत भूषण जुआल, स्वच्छ भारत मिशन के कार्यकारी उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र, सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष आजाद सिंह,केंद्रीय मंत्री के प्रतिनिधि कविंद्र राणा, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक सुखीजा, पूर्व विधायक रमेश कश्यप, पूर्व विधायक नरेंद्र सांगवान, मेघा भंडारी, राजेश अग्गी, अमरनाथ सौदया, यशपाल ठाकुर, राजवीर शर्मा, अमृत लाल जोशी, संजीव मेहता, मीना चौहान, गुलाब सिंह मूनक, गौरव नागपाल, मोनिका गर्ग, मानव पुरी, मदन गुर्जर, पायल अरोड़ा, संतोष पाल, मुकेश अरोड़ा, प्रियंका काठपाल, सहित भारी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।









