आज की युवा पीढ़ी ले भगवान वाल्मीकि जयंती से प्रेरणा : प्रमोद चौहान

162

गांव उचाना में भगवान वाल्मीकि जयंती पर समाजसेवी प्रमोद चौहान ने लिया आशीर्वाद
करनाल विजय काम्बोज  : गांव उचाना में भगवान वाल्मीकि जयंती के पावन अवसर पर एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सामाजिक समरसता, आध्यात्मिक प्रेरणा और सांस्कृतिक गौरव का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिष्ठित समाजसेवी और जननेता प्रमोद चौहान शामिल हुए, जिनका गांववासियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। सुबह से ही पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल था। पूजा-अर्चना और हवन का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के प्रमुख गणमान्य नागरिकों और ग्रामीणों ने भाग लिया। वाल्मीकि जी के आत्म-परिवर्तन, तपस्या और रामायण की रचना जैसे प्रेरणादायक प्रसंगों को जीवंत किया गया। मुख्य अतिथि प्रमोद चौहान ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन इस बात का प्रतीक है कि  भगवान वाल्मीकि जी ने रामायण जैसे महाकाव्य की रचना की। आज की युवा पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए और समाज में समानता, शिक्षा और सद्भाव का संदेश फैलाना चाहिए। उन्होंने वाल्मीकि समाज के योगदान को भी रेखांकित करते हुए कहा  यह समाज जिसके साथ खड़ा होता है उसका पूरे तन मन धन से सहयोग करता है। यह समाज की खासियत है। उन्होंने कहा जब समाज एकजुट होकर अपने महापुरुषों की शिक्षाओं को आत्मसात करता है, तो सामाजिक विकास और समरसता का मार्ग अपने आप प्रशस्त हो जाता है। गांव उचाना का यह आयोजन निश्चित ही आने वाली पीढिय़ों को दिशा देने वाला रहेगा।उन्होंने महर्षि वाल्मीकि के विचारों को आधुनिक समाज के लिए प्रासंगिक बताते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरा वातावरण भक्ति, एकता और उत्साह से परिपूर्ण रहा। इस अवसर पर प्रधान रोशन बिड़लान, रतन सिंह फौजी अमर सिंह पलाराम दयाराम अशोक बिड़लान, अंकुश बिड़लान सोनू दिनेश बबली रोशन जसबीर प्रवीण राणा ओमपाल सिंह अक्षय राणा सहित काफी संख्या में गांव वासी उपस्थित रहे