करनाल विजय काम्बोज । नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने आज प्रदेश की कई मंडियों का दौरा किया। उन्होंने घरौंडा व करनाल अनाज मंडी में पहुंचकर किसानों, मजदूरों और आढ़तियों की समस्याएं सुनीं। किसानों ने बताया कि उन्हें न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) से वंचित किया जा रहा है और खरीद के नाम पर खुली लूट हो रही है। सरकारी एजेंसियां नमी या काले दाने का बहाना बनाकर धान की खरीद से इनकार कर रही हैं। इसके चलते MSP से भी ₹500-800 तक कम रेट पर खरीद हो रही है।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए हुड्डा ने कहा कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव से पहले धान का रेट ₹3100 प्रति क्विंटल देने का वादा किया था, लेकिन अब MSP तक नहीं दिया जा रहा।
हुड्डा ने कहा कि सरकार को नमी की मात्रा में 22-24% तक छूट देनी चाहिए और काले दानों की मात्रा में भी राहत देते हुए कम से कम ₹500 प्रति क्विंटल बोनस की घोषणा करनी चाहिए। इस बार भारी बारिश, बाढ़ और जलभराव के कारण किसानों की फसल में 100% तक खराबा हुआ है। जो फसल बची है, उसमें उत्पादन बहुत कम है। सरकार ने मुआवजे के रूप में अधिकतम ₹15,000 प्रति एकड़ की घोषणा की है, जबकि किसानों को ₹60,000 से ₹70,000 प्रति एकड़ का नुकसान हुआ है। खेतों का ठेका भी ₹70,000 प्रति एकड़ से अधिक हो चुका है। ऐसे में सरकार द्वारा ऐलान किया गया मुआवजा, ऊंट के मुंह में जीरे के समान है।

बढ़ते अपराध पर नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि संगठित अपराध के मामले में हरियाणा देश में नंबर वन बन चुका है। यहां 80 आपराधिक ग्रुप सक्रिय हैं, जो हत्या, फिरौती, डकैती और अपहरण जैसी वारदातों को अंजाम देते हैं। लाडो लक्ष्मी योजना पर हुड्डा ने कहा कि बीजेपी ने चुनाव में सभी महिलाओं को 2100 रुपये प्रतिमाह देने का वादा किया था, लेकिन बाद में इसे केवल 20 लाख महिलाओं तक सीमित करने का ऐलान किया। लेकिन अब तक केवल 1,71,000 महिलाओं का ही रजिस्ट्रेशन हुआ, जबकि सरकार के पास आधार और फैमिली आईडी का डाटा पहले से मौजूद है। यानी अलग से रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया चलाकर बीजेपी जनता के साथ फिर से धोखा कर रही है।
इस अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव वीरेंद्र राठौड़, प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सुरेश गुप्ता, लोकसभा प्रत्याशी दिव्यांशु बुद्धिराजा,जिलाध्यक्ष राजेश वैद्य, जिलाध्यक्ष प्रयाग गाबा,पूर्व विधायक सुमिता सिंह,पूर्व विधायक राकेश कंबोज, पूर्व विधायक धर्मपाल गोंदर, पूर्व विधायक सुल्तान सिंह जडोला, पूर्व विधायक भीमसेन मेहता, युवा कांग्रेस के रजत लाठर, नैन राणा, राजेंद्र पाल, सचिन भूटानपुरा, निगम पार्षद राजीव बाना , निगम पार्षद अमन, चेयरमैन नगर पालिका आजाद, कृष्ण सरपंच, कतील, कमल मान, हरीराम साबा, पप्पू लाठर समेत बड़ी संख्या में स्थानीय कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।









