डीसी उत्तम सिंह ने सभी विभागों के विभागाध्यक्षों को बायोमेट्रिक हाजिरी लगाने के दिए निर्देश
करनाल विजय काम्बोज |। करनाल के डीसी उत्तम सिंह ने सोमवार को सभी विभागों के विभागाध्यक्षों की बैठक लेकर निर्देश दिए कि सभी विभागों में कर्मचारियों की बायोमेट्रिक हाजिरी लगानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि इस आदेश की अनुपालना जल्द से जल्द की जाए। इसकी समीक्षा आने वाले दिनों में की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो भी कर्मचारी देरी से दफ्तर आए, उसकी छुट्टी लगाई जाए।
उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए हरियाणा सरकार ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हुए हैं। सभी कर्मचारी जिला सूचना अधिकारी (डीआईओ) के माध्यम से अपनी बायोमेट्रिक बनवाना सुनिश्चित करें व जिन संस्थानों में बायोमेट्रिक मशीन नहीं है वहां मशीन लगवाना भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने इस कार्य की निगरानी के लिए अतिरिक्त उपायुक्त सोनू भट्ट को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
बैठक के दौरान डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यालयों में देर से आने वाले कर्मचारियों का अवकाश दर्ज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला के सभी खंड व उपमंडल स्तर के सभी कार्यालयों में भी ये मशीनें लगाई जाएं। उन्होंने डीडीपीओ को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत स्तर पर भी बायोमेट्रिक मशीन लगवाई जाए ताकि सभी पटवारी और ग्राम सचिव एक निर्धारित स्थान पर अपनी उपस्थिति दर्ज करवा सकें।
सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना करें सुनिश्चित
बैठक में डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी का प्राथमिक कर्तव्य है। इसके साथ-साथ अधिकारी सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और उनकी निगरानी पर भी विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों को समय पर और बिना किसी परेशानी के मिलना चाहिए। इस प्रयास का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं से वंचित न रहे।
बैठक में एडीसी सोनू भट्ट, नगर निगम आयुक्त डॉ वैशाली शर्मा, एसडीएम अनुभव मेहता, सीटीएम मोनिका, डीडीपीओ कंचनलता, डीआरओ मनीष यादव, डीआईपीआरओ मनोज कौशिक, जिला रेडक्रॉस सचिव कुलबीर मलिक, जीएम रोडवेज कुलदीप सिंह सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।









