धार्मिक स्थानों पर भी की जा रही साफ-सफाई, सामुदायिक व सार्वजनिक शौचालयों की नियमित की जा रही चेंकिंग, वेंडर्स अपने आस-पास बनाए रखें स्वच्छता-निगमायुक्त।
करनाल || नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने बताया कि हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान 2025 के तहत निगम क्षेत्र के चारो जोन में सफाई अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसके तहत सेक्टर 7-8 व सेक्टर 32-33 के डिवाईडर रोड तथा महाराजा अग्रसेन चौक से आई.टी.आई. चौक को जाने वाली सडक़ पर सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान डिवाईडर के आस-पास उगी घास को भी हटाया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न क्षेत्रों में धार्मिक स्थानों की भी साफ-सफाई की गई।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जन जागरूकता अभियान, सार्वजनिक व जन शौचालयों की सफाई, सार्वजनिक स्थानों की सफाई, जीरो वेस्ट कार्यालयों को लेकर, बाजारों की साफ-सफाई तथा हरा व नीला डस्टबिन को लेकर चेंकिंग, डोर टू डोर कूड़ा एकत्रीकरण व कचरा पृथक्करण करने जैसी विभिन्न गतिविधियां रोजाना चलाई जा रही हैं। गतिविधियों पर निगरानी के लिए अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार व मुख्य सफाई निरीक्षक सुरेन्द्रचोपड़ा रोजाना शहर का दौरा करते हैं। इस दौरान अगर कहीं पर सफाई को लेकर खामी मिलती है, तो उसे दुरूस्त करवाया जाता है।
उन्होंने बताया कि निगम के मोटीवेटर डोर टू डोर कूड़ा एकत्रीकरण तथा गीला व सूखा कचरा अलग-अलग लेने को लेकर रोजाना वार्ड का दौरा कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त नागरिकों को घरेलू खाद बनाने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है। नागरिक सिंगल यूज प्लास्टिक व हानिकारक पॉलीथिन का प्रयोग न करें, इसकी भी अपील की जा रही है।
उन्होंने कहा कि कुछ नागरिक खाने-पीने के बाद वेस्ट सामान को डस्टबिन में डालने के बजाए उसे इधर-उधर गिरा देते हैं। ऐसे लोगों को स्वच्छता का महत्व समझते हुए शहर की सफाई व्यवस्था में अपना सहयोग देना होगा। उन्होंने कहा कि शहर में मौजूद प्रत्येक वैंडर अपने पास हरे व नीले रंग का डस्टबिन रखे और उसमें गीला व सूखा कचरा अलग-अलग एकत्रित करे। वेंडर्स रात्रि में स्टाल बंद करते समय आस-पास सफाई करके जाएं। उन्होंने कहा कि शहर तभी स्वच्छ होगा, जब प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी होगी।









