करनाल विजय काम्बोज । भारत सरकार (सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय) के एम.एस.एम.ई-विकास कार्यालय करनाल द्वारा वीरवार को पीएम विश्वकर्मा के लाभार्थियों के लिए मीशो प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन एम.एस.एम.ई-विकास कार्यालय करनाल के सम्मेलन कक्ष में किया गया। कार्यशाला में लगभग 100 पीएम विश्वकर्मा लाभार्थियों ने भाग लिया। एम.एस.एम.ई-विकास कार्यालय की सहायक निदेशक मीनू धीमान ने मंच संचालन किया और सभी अतिथियों व पीएम विश्वकर्मा के लाभार्थियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान एम.एस.एम.ई-विकास कार्यालय के सहायक निदेशक मुकेश वर्मा ने कार्यक्रम की रूपरेखा के बारे में अवगत कराया।
एम.एस.एम.ई-विकास कार्यालय करनाल अपर विकास आयुक्त संजीव चावला ने अपने संबोधन में पीएम विश्वकर्मा योजना के बारे में विस्तारपूर्वक चर्चा की तथा इससे होने वाले लाभों के बारे में बताया। उन्होंने मीशो एप पर पीएम विश्वकर्मा लाभार्थी अपना उत्पाद ऑनलाइन कैसे बेंचे व लाभ कैसे बढ़ाएं, इस पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि इस योजना के तीन स्तम्भ है – सम्मान, सामर्थ्य और समृद्धि। उन्होंने कारीगरों के विकास और व्यवसाय वृद्धि के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला।
मीशो प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि अभिषेक राणा ने पीएम विश्वकर्मा लाभार्थियों को प्रेजेंटेशन के माध्यम से मीशो एप पर उत्पाद कैटलॉग बनाना और ई-कॉमर्स पोर्टल पर अपलोड करना, पीएम विश्वकर्मा योजना के बैंक खातों को पेमेंट इंटरफेस गेटवे से जोड़ना, उत्पादों की विभिन्न कोणों से पेशेवर फोटोग्राफी का प्रशिक्षण, ई-कॉमर्स का परिचय, बाजार की प्रवृत्तियां और इसके लाभ, मीशो प्लेटफार्म का नेविगेशन और कार्य पद्धति समझना इत्यादि विषयों को विस्तार से समझाया।
पीएमयू- पीएमवी सीनियर प्रोजेक्ट कंसलटेंट मार्केटिंग डिवीजन अचिंत श्रीवास्तव व प्रभात चतुर्वेदी ने पीएम विश्वकर्मा योजना में मार्केटिंग के महत्व पर प्रकाश डाला। डोमेन एक्सपर्ट राजवीर शर्मा ने सभी विश्वकर्मा लाभार्थियों से मीशो एप पर अपने उत्पाद अपलोड व मार्केटिंग के लिए प्रेरित किया। डिजिटल द्रोणाचार्य सोनीपत गौरी कपूर ने पीएम विश्वकर्मा लाभार्थियों को डिजिटल मार्केटिंग के महत्व को समझाया। इस मौके पर सहायक निदेशक हरपाल सिंह ने सभी अतिथियों तथा प्रतिभागियों का कार्यक्रम के लिए अपना बहुमूल्य समय प्रदान करने के लिए आभार प्रकट किया ।









