नमस्ते योजना के तहत सफाई कर्मियों को समय पर सरकार की योजनाओं का लाभ उपलब्ध करवाना करें सुनिश्चित: एडीसी सोनू भट्ट

128

नमस्ते योजना की समीक्षा बैठक का आयोजन, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

करनाल|| स्वच्छता कर्मियों को सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन व्यतीत करने की सुनिश्चितता को लेकर सरकार द्वारा नमस्ते योजना चलाई जा रही है जिसके तहत सफाई कर्मियों को समय पर सरकार की योजनाओं का लाभ मिले तथा स्वच्छता/सफाई संबंधी कार्यों से होने वाली मौतों को शून्य किया जा सके।
एडीसी सोनू भट्ट ने सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में नमस्ते योजना को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नमस्ते योजना के तहत सफाई कर्मियों को दिए जाने वाले सभी लाभों को समय पर उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें।  इससे पहले आयुक्त जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग एवं सचिव हरियाणा सरकार मो0 शाईन ने वीसी के माध्यम से सभी जिला उपायुक्तों व नोडल अधिकारियों के साथ नमस्ते योजना की समीक्षा की और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में एडीसी सोनू भट्ट ने कहा कि स्वच्छता को लेकर सुप्रीम कोर्ट द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित की जाए। नमस्ते योजना के तहत सफाई कर्मचारियों की प्रोफाइल और सत्यापन (वैलिडेशन) के लिए एक टीम का गठन किया जाए, विशेष रूप से सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई करने वाले कर्मचारियों का सत्यापन आवश्यक रूप से हो। उन्होंने निर्देश दिए कि जो लोग निजी तौर पर सफाई का कार्य कर रहे हैं, उन्हें पोर्टल पर सूचीबद्ध किया जाए। साथ ही, सफाई के काम में इस्तेमाल होने वाली गाडिय़ों का भी पंजीकरण करके उनका डेटा पोर्टल पर अपलोड किया जाए।
एडीसी भट्ट ने कहा कि सफाई कर्मचारियों के लिए आयुष्मान भारत कार्ड की ई-केवाईसी प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। यदि किसी सफाई कर्मचारी की काम के दौरान मृत्यु हो जाती है, तो उन्हें समय पर मुआवजा सुनिश्चित किया जाए। बैठक में अधिकारियों को नमस्ते योजना के तहत जिला में हो रही प्रगति की समीक्षा करने और यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया कि सभी लक्ष्य प्रभावी ढंग से प्राप्त हों। स्वच्छता कार्यों में श्रमिकों के लिए मशीनीकृत उपकरणों और सुरक्षा गियर के उपयोग को बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को इस कार्य को प्राथमिकता देने और हर 15 दिन में प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सामुदायिक भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग से अधीक्षक अभियंता विकास, कार्यकारी अभियंता अभिषेक, नगर निगम से तकनीकी विशेषज्ञ सतीश सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।