अभियान के तहत 51 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य, प्रत्येक गांव में लगाए जा रहे 10-10 पौधे
फसलों और पौधों की मिक्स खेती करके अधिक मुनाफा कमा सकता किसान
करनाल विजय काम्बोज || गांव शामगढ़ में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें गांव के प्राइमरी स्कूल में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस मौके पर भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी राजेंद्र भारद्वाज ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। वहीं किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री सुनील वत्स व किसान मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष विनय संधू गगसीना भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। किसान मोर्चा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी राजेंद्र भारद्वाज ने कहा कि भाजपा किसान मोर्चा द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत 51 लाख छायादार व फलदार पौधे लगाए जाने है। किसान मोर्चा की टीम प्रत्येक गांव में जाकर किसानों के साथ-साथ अन्य लोगों को पौधारोपण व पर्यावरण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। हर गांव में 10-10 पौधे लगाए जा रहे। उन्होंने कहा कि जिस तरह से हमारे देश में गाय को एक माता का दर्जा दिया गया है। वैसे पेड़-पौधे भी मातृत्व भाव रखते है। पक्षी व अन्य जीव जंतु पड़ों पर रहते है। पेड़ हमें छाया, लकड़ी व फल ही नहीं देते बल्कि संजीवनी रूपी ऑक्सीजन भी देते है। यदि हमें पृथ्वी को बचाए रखना है, तो अधिक से अधिक पौधे लगाने होंगे। राजेंद्र भारद्वाज ने कहा कि किसान का प्राकृति से सीधा लगाव रहा है। फसलों और पौधों की मिक्स खेती करके किसान अधिक मुनाफा कमा सकता है। इस मौके पर किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री सुनील वत्स व किसान मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष विनय संधू गगसीना ने भी अपने विचार प्रकट किए। इस अवसर पर स्कूल के अध्यापकगण व अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।