निगमायुक्त ने शहरवासियों को जागो करनाल-प्लास्टिक त्यागो करनाल का दिया संदेश।
कर्ण गेट बाजार संघ ने 100 प्रतिशत प्लास्टिक मुक्त करने का लिया निर्णय।
करनाल || पॉलीथिन को ना कहकर कपड़े के थैलों का प्रयोग करें, जैसे जागरूकता कार्यक्रम के साथ नगर निगम ने मंगलवार को शहर के कर्ण गेट बाजार में स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत प्लास्टिक बाहर-कपड़ा अंदर की गतिविधि की। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने दुकानदारों व ग्राहकों को 500 से अधिक कपड़े के बैग वितरित किए और अपील की कि अधिक से अधिक लोग इस मुहिम से जुडें और करनाल शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाएं। इस अवसर पर अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार भी मौजूद रहे।
खास बात यह रही कि निगमायुक्त के जागो करनाल-प्लास्टिक त्यागो करनाल के आहï्वान पर कर्ण गेट मार्किट एसोसिएशन के सभी दुकानदारों ने एक सुर में नगर निगम आयुक्त को अपना समर्थन दिया। इसके पश्चात कपड़े के बैग वितरित करते समय, दुकानदारों ने प्लास्टिक के बैग आयुक्त को सौंपते कहा कि आज से दुकान में प्लास्टिक पॉलिथीन का प्रयोग नहीं किया जाएगा।
निगमायुक्त ने अपने संदेश में कर्ण गेट बाजार संघ के सभी दुकानदारों का प्लास्टिक त्यागने का संकल्प लेने पर धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री हरियाणा नायब सिंह सैनी, स्वच्छ भारत मिशन अभियान को लेकर काफी गम्भीर है। इसे लेकर देशभर में जोर-शोर से अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोलम्बिया विश्वविद्यालय के एक शोध में भी पाया गया है कि प्लास्टिक की पानी की बोतल में नैनो प्लास्टिक के कण पाए जाते हैं। इसके अतिरिक्त वायुमंडल में भी इसके कण मौजूद हैं, जो सांस के द्वारा हमारे शरीर में प्रवेश करते हैं। इससे मनुष्य के स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है, जिससे कैंसर व हृदय घात जैसी बीमारियां दिन प्रतिदिन बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि नागरिक जितना जल्दी प्लास्टिक त्यागेंगे, उतना ही अच्छा होगा।
उन्होंने शहरवासियों से कहा कि बाजार में सामान लेने के लिए अपने घर से ही थैला लेकर जाएं और दुकानदार से कदापि पॉलीथिन कैरीबैग ना लें। दुकानदार भी सभी ग्राहकों को नम्रता पूर्वक घर से थैला लाने का आग्रह करें, क्योंकि पॉलीथिन के प्रयोग को ना कहने की जो मुहीम पूरे देश में चल रही है, उसमें प्रत्येक व्यक्ति चाहे दुकानदार है या ग्राहक, सबको विवष होकर नहीं स्वेच्छा से पॉलीथिन को ना कहना चाहिए। उन्होंने समझाया कि विगत 30-35 वर्षों के पहले के समय पर नजर डालें, तो लोग कपड़े के थैलों का ही प्रयोग करते थे। ज्यों-ज्यों व्यक्ति का पॉलीथिन के साथ सम्पर्क बड़ता गया, पर्यावरण प्रदूषण के साथ-साथ आदमी के स्वास्थ्य पर ही इसके वितरित प्रभाव होते गए। उन्होंने शहरवासियों से पुन: अपील करते कहा कि वह कपड़े या जूट के थैलों का ही प्रयोग करें ओर अपने शहर को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने में नगर निगम का सहयोग करें।
इस मौके पर कर्ण गेट बाजार संघ के प्रधान एवं वार्ड 8 के पार्षद संकल्प भंडारी ने कहा कि बाजार में कपड़े के थैले वितरित करने की नगर निगम की अच्छी पहल है, जिसका बाजार संघ स्वागत करता है। उन्होंने कहा कि संघ के सभी दुकानदारों ने शत प्रतिशत प्लास्टिक त्यागने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि अब वह अपनी दुकानों में प्लास्टिक पोलिथीन का उपयोग नहीं करेंगे। इसके साथ-साथ प्लास्टिक की पानी की बोतल पर भी रोक लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि कर्ण गेट बाजार संघ करनाल शहर को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने के लिए सदैव नगर निगम के साथ खड़ा रहेगा।
इसके अतिरिक्त स्वच्छता पखवाड़ा को लेकर मंगलवार को दो अन्य गतिविधियां भी शहर में चलाई गई। एक गतिविधि में सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने को लेकर 5 दुकानदारों व रेहड़ी-फड़ी वालों के चालान किए गए और 2500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। दूसरी गतिविधि में नागरिकों को प्लास्टिक त्यागने को लेकर जागरूक किया जा रहा है, जिससे प्रेरित होकर करीब 20-25 लोगों ने सेक्टर-13 स्थित सामुदायिक केन्द्र में बने आर.आर.आर. सेंटर में सिंगल यूज प्लास्टिक छोडऩे आए। उन्होंने भविष्य में एकल प्रयोग प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने का संकल्प भी लिया। इस दौरान उन्हें कपड़े के थैले भी वितरित किए गए।