इन्द्री विजय कांबोज।। विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने वीरवार को इन्द्री अनाज मंडी का दौरा कर धान खरीद व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंडी में धान लेकर पहुंचे किसानों, आढ़तियों तथा व्यापारियों से बातचीत की और खरीद व उठान प्रक्रिया तथा अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली।
इस दौरान विधायक रामकुमार कश्यप ने एसडीएम डॉ. रमन गुप्ता, मार्किट कमेटी सचिव अमित कुमार व अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये कि फसल खरीद सीजन में तत्परता से अपनी ड्यूटी निभाएं। उन्होंने कहा कि मंडी में खरीदे जा रहे धान का उठान समयबद्ध तरीके से होना चाहिए ताकि मंडी में जाम की स्थिति न बने। इसके लिए फसल के उठान और उतरवाने हेतु पर्याप्त संख्या में श्रमिकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी भी तरह की परेशानी न आए और तय समय पर उनके खाते में पेमेंट का भुगतान हो। उन्होंने मंडी अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की सुविधा के लिए मंडी परिसर में साफ-सफाई, पीने के पानी की व्यवस्था, सार्वजनिक शौचालयों की सफाई प्रतिदिन सुचारू रूप से होनी चाहिए। उन्होंने किसानों से अनुरोध किया कि वे अपनी फसल को अच्छी तरह सुखाकर मंडी में लाएं ताकि उन्हें अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की कोई दिक्कत न हो।
निरीक्षण के दौरान विधायक रामकुमार कश्यप ने स्वयं धान की ढेरियों पर जाकर नमी की जांच करवाई। इसके साथ ही उन्होंने मंडी में धान की आवक, खरीद प्रक्रिया, फसल की गुणवत्ता जांच, नमी की जांच, बारदाने की उपलब्धता, फसल के उठान तथा किसानों को उपलब्ध करवाई जा रही अन्य सुविधाओं के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि धान खरीद सीजन के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सरकार का प्रयास है कि किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए मंडियों में अनावश्यक इंतजार न करना पड़े और खरीद प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से पूरी हो। उन्होंने कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी मेहनत से ही प्रदेश में खाद्यान्न उत्पादन मजबूत होता है। इसलिए मंडियों में किसानों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध समय पर पूरे किए जाना जरूरी है।
इस अवसर पर एसडीएम डॉ. रमन गुप्ता, मार्किट कमेटी चेयरमैन महिन्द्र पंजोखरा, मार्किट कमेटी सचिव अमित कुमार, मंडी एसोसिएशन के प्रधान जयप्रकाश बंसल, पूर्व प्रधान समे सिंह, धर्म सिंह, करनैल सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष अनुज गर्ग, किसान मोर्चा के अध्यक्ष पंकज गुर्जर सहित खरीद एजेंसियों के प्रतिनिधि, आढ़ती, व्यापारी, किसान व कार्यकर्ता मौजूद रहे।









