इंद्री में अनियंत्रित ट्रक शहीदी चौक की ग्रिल में घुसा, बड़ा हादसा टला

5
इंद्री विजय कांबोज।। शहर के शहीदी चौक पर देर रात उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर चौक की लोहे की ग्रिल से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चौक के चारों तरफ लगी लोहे की ग्रिल क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि हादसे के समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था और ट्रक चालक भी बाल-बाल बच गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार ट्रक चालक संतोष यमुनानगर से प्लाई लेकर जयपुर, राजस्थान जा रहा था। बताया जा रहा है कि जब वह इंद्री के पास पहुंचा तो सामने से एक कैंटर तेज गति से आ रहा था। अचानक कैंटर चालक ने ट्रक की तरफ अपना वाहन मोड़ दिया। आमने-सामने टक्कर की स्थिति को देखते हुए ट्रक चालक संतोष ने कैंटर को बचाने के लिए अपने ट्रक को दूसरी दिशा में मोड़ दिया।
कैंटर को बचाने के प्रयास में ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और ट्रक सीधे शहीदी चौक की ग्रिल में जा घुसा। हादसे में ट्रक का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हुआ, जबकि चौक की लोहे की ग्रिल टूट गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
ट्रक चालक संतोष ने बताया कि सामने से आ रहे कैंटर को बचाने के लिए उसे अचानक ट्रक दूसरी तरफ मोड़ना पड़ा। यदि वह समय रहते ट्रक को नहीं मोड़ता तो दोनों वाहनों की टक्कर हो सकती थी और हादसा काफी गंभीर हो सकता था। चालक ने बताया कि उसकी कोशिश केवल सामने से आ रहे वाहन को बचाने की थी।
शहीदी चौक पर ट्रैफिक लाइट लगाने की मांग
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने शहीदी चौक की यातायात व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। स्थानीय निवासी अमित कुमार और सुरजीत ने बताया कि शहीदी चौक के आसपास पहले भी कई बार सड़क हादसे हो चुके हैं। चौक पर वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है और कई बार तेज गति से वाहन गुजरते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहीदी चौक पर लंबे समय से ट्रैफिक लाइट लगाने की मांग की जा रही है, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई। लोगों ने कहा कि यदि यहां रेड लाइट लगाई जाती है तो वाहन चालकों को यातायात नियंत्रित करने में सुविधा होगी और दुर्घटनाओं की संभावना भी कम हो सकती है।
ग्रामीणों और स्थानीय निवासियों ने प्रशासन तथा सरकार से मांग की है कि शहीदी चौक का निरीक्षण करवाकर यहां जल्द से जल्द ट्रैफिक लाइट अथवा अन्य आवश्यक यातायात व्यवस्था की जाए। लोगों का कहना है कि समय रहते उचित कदम उठाए गए तो भविष्य में होने वाले बड़े सड़क हादसों को टाला जा सकता है।