सफाई कर्मचारी ही स्वच्छ भारत अभियान के असली सिपाही : भीम मंढ़ाण

6

जेजेपी ने सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को दिया समर्थन, नगरपालिका परिसर पहुंचकर धरने में हुए शामिल

इंद्री विजय कांबोज।। हरियाणा में सफाई कर्मचारियों की चल रही हड़ताल को विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों का समर्थन मिल रहा है। इसी कड़ी में जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के इंद्री हल्का अध्यक्ष भीम मंढ़ाण ने नगरपालिका परिसर के बाहर धरने पर बैठे सफाई कर्मचारियों के बीच पहुंचकर उनकी मांगों का समर्थन किया।

इस दौरान जिला पार्षद कुलदीप मंढ़ाण, युवा नेता पवन पांचालसंदीप मलिक हिनौरी और रोहित सहित पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सफाई कर्मचारियों को संबोधित करते हुए जेजेपी हल्का अध्यक्ष भीम मंढ़ाण ने कहा कि सफाई कर्मचारी शहरों और गांवों को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी ही स्वच्छ भारत अभियान के असली सिपाही हैं, क्योंकि वे रोजाना जमीनी स्तर पर काम करते हुए शहर की सफाई व्यवस्था को संभालते हैं।

उन्होंने सरकार पर कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश के अलग-अलग वर्गों को अपनी जायज मांगों को मनवाने के लिए सड़कों पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा कई बार कर्मचारियों की मांगों को मानने का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन बाद में उन मांगों को पूरी तरह लागू नहीं किया जाता। इससे कर्मचारियों में सरकार के प्रति असंतोष बढ़ रहा है।

भीम मंढ़ाण ने कहा कि नेता और जनप्रतिनिधि कभी-कभी फोटो खिंचवाने के लिए हाथ में झाड़ू पकड़ लेते हैं, लेकिन सफाई कर्मचारी वास्तव में दिनभर मेहनत करके शहरों को साफ रखने का काम करते हैं। इसके बावजूद उनकी समस्याओं और मांगों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जेजेपी सफाई कर्मचारियों की मांगों के साथ खड़ी है और पार्टी की ओर से उनके आंदोलन को पूरा समर्थन दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश में जेजेपी की सरकार बनती है तो सफाई कर्मचारियों की जायज मांगों को पूरा करने तथा कर्मचारियों को पक्का करने की दिशा में काम किया जाएगा।

भीम मंढ़ाण ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ने चुनाव के दौरान जनता से कई वादे किए थे, लेकिन उनमें से अनेक वादे अभी तक पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आए दिन हत्या, लूटपाट और अन्य आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कानून-व्यवस्था संभालने में पूरी तरह सफल नहीं हो रही है।

उन्होंने सफाई कर्मचारियों के आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि आज कर्मचारियों को अपनी मांगों के लिए धरना देने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है और कई जगह पुलिस की निगरानी में सफाई करवाने की स्थिति पैदा हो गई है। उन्होंने सरकार से मांग की कि कर्मचारियों के साथ बातचीत कर उनकी जायज मांगों का जल्द समाधान किया जाए।

इस अवसर पर जिला पार्षद कुलदीप मंढ़ाण सहित कर्मचारी नेताओं ने भी सफाई कर्मचारियों को संबोधित किया और आंदोलन को अपना समर्थन दिया। नगरपालिका कर्मचारी प्रधान बुधराम, सचिव सुरजीतरजनीश कुमार, ऋषिपाल, सुमन रानी, शिव कुमार, संजीव मलिक, विजय पाल, सुनील, अर्जुन, कुलदीप, राजेश, अक्षय, रणबीर, ईशम सिंह और सुनीता, प्रेमपाल सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।

सफाई कर्मचारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सरकार की ओर से ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।