करनाल विजय कांबोज।।
जिला पुलिस करनाल द्वारा स्नैचिंग एवं लूटपाट की वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सीआईए असंध करनाल की टीम ने उप निरीक्षक सलिंदर सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन पुत्र सरूपा निवासी गांव चौगामा, करनाल,रमन पुत्र सुभाष निवासी मर्दानहेरी, करनाल तथा सागर कुमार पुत्र जिला निवासी गांव इच्छानपुर, करनाल के रूप में हुई है।
अनुसंधान अधिकारी मुख्य सिपाही राजेंद्र कुमार ने बताया कि थाना असंध में शिकायतकर्ता मनीष की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि 02 अगस्त 2026 की रात वह असंध से पैदल संधू फ़ीड की ओर जा रहा था। इसी दौरान तीन अज्ञात युवक उसके पास आए और उससे नकदी एवं मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर थाना असंध में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं गुप्त सूचना के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर शिकायतकर्ता से छीना गया मोबाइल फोन बरामद किया गया।
गिरफ्तार तीनों आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश किया गया जहां से उनका एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया दौराने रिमांड आरोपियों से वारदात के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है तथा मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।









