करनाल विजय कांबोज।। जिले के बहलोलपुर गांव के पास बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब पशुओं के लिए भूसा लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्राली खस्ताहाल सड़क पर बने गड्ढे में पलट गई।
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर पर चालक सहित कुल पांच लोग सवार थे। ट्रैक्टर-ट्राली के पलटते ही तीन मजदूर उसके नीचे दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के शामली जिले के रहने वाले लोगों के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों मृतक एक ही परिवार से संबंधित थे और पशुओं के लिए भूसा लेने हरियाणा आए थे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद मृतकों के परिवार में मातम छा गया।
पुलिस हादसे के कारणों और सड़क की स्थिति की जांच कर रही है।









