नगर खेड़े पर हवन यज्ञ, दूध की नाल के साथ निकाली गांव की परिक्रमा; सुख-शांति और समृद्धि की कामना

1
इंद्री (विजय कांबोज)।
इंद्री हलके के गांव जोहड़ माजरा में नगर खेड़े पर धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का अनूठा संगम देखने को मिला। गांव की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना को लेकर रविवार को नगर खेड़े पर विधि-विधान से हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। हवन पूर्णाहुति के बाद ग्रामीणों ने दूध की नाल देते हुए पूरे गांव की परिक्रमा निकाली और जयघोष के साथ गांव के मंगलमय भविष्य की प्रार्थना की।
इससे पहले शनिवार देर शाम भव्य जागरण का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने पूरी रात  भजनों का आनंद लिया और धार्मिक वातावरण में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। रविवार सुबह हवन यज्ञ के उपरांत आयोजित परिक्रमा में महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों सहित सभी वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे गांव में भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे।
गांव के नंबरदार बीरबल पाल, सरपंच दीपक तथा ब्लॉक समिति सदस्य सत पाल ने बताया कि यह आयोजन गांव की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना के उद्देश्य से हर वर्ष किया जाता है। उन्होंने कहा कि दूध की नाल देते हुए गांव की परिक्रमा करने की परंपरा वर्षों से चली आ रही है, जिसे गांववासी पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ निभाते हैं। उनका विश्वास है कि इस धार्मिक आयोजन से गांव में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और सभी पर ईश्वर की कृपा बनी रहती है।
हवन यज्ञ और परिक्रमा के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ग्रामवासियों ने एक साथ बैठकर बिना किसी भेदभाव के लंगर का प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में सभी जाति और समुदाय के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश भी दिया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में हर वर्ष जागरण, हवन यज्ञ और भंडारे का आयोजन सामूहिक रूप से किया जाता है। इस आयोजन में सभी बिरादरी के लोग मिलकर सेवा करते हैं और बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम गांव में आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव की यही एकजुटता उसे विशेष पहचान दिलाती है और लोग एक-दूसरे के सुख-दुख में भी इसी तरह साथ खड़े रहते हैं।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, युवा और बच्चे मौजूद रहे तथा सभी ने गांव की खुशहाली और समृद्धि के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।