इन्द्री विजय कांबोज।।भारत नवनिर्माण सेना हरियाणा की ओर से बुधवार को अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद का जन्मोत्सव श्रद्धा और देशभक्ति के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-यज्ञ से हुआ। इसके बाद देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
भारत नवनिर्माण सेना हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता धर्मपाल शांडिल्य ने कहा कि संस्था पिछले कई वर्षों से शहीद चंद्रशेखर आजाद का जन्मोत्सव श्रद्धापूर्वक मनाती आ रही है। इस आयोजन में सामाजिक, राजनीतिक व धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में शहरवासी भी शामिल होते हैं।
कार्यक्रम में इन्द्री के विधायक एवं हरियाणा सरकार के मुख्य सचेतक रामकुमार कश्यप ने भी भाग लिया। उन्होंने अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि चंद्रशेखर आजाद का त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने युवाओं से शहीदों के आदर्शों पर चलकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
धर्मपाल शांडिल्य ने बताया कि 23 जुलाई 1906 को जन्मे चंद्रशेखर आजाद बचपन से ही निर्भीक, स्वाभिमानी और देशभक्त थे। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ स्वतंत्रता संग्राम में अहम भूमिका निभाई और मातृभूमि की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका जीवन देशवासियों, विशेषकर युवाओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को कन्या भ्रूण हत्या, गौहत्या पर रोक तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प भी दिलाया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और “वंदे मातरम्” के उद्घोष के साथ हुआ।
इस मौके पर शशि दुरेजा, डॉ. हरबंस भारद्वाज, रणबीर गोयत, मेम सिंह धीमान, सुरेंद्र शर्मा, सतपाल शर्मा, सुशील शर्मा, जगदीश गोयल, धर्मपाल आर्य, बलबीर कांबोज, देसराज कांबोज, समे सिंह कांबोज, संजय कांबोज, वेदप्रकाश शर्मा, संजय शर्मा, कर्म सिंह सैनी, राजेंद्र कश्यप, सुभाष शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।









