महान क्रांतिकारी चन्द्रशेखर आजाद ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई-वाईस प्रिंसीपल सुखदेव शर्मा

2

दून पब्लिक स्कूल में चन्द्रशेखर आजाद जयंती मनाई गई
इन्द्री विजय कांबोज।।

दून पब्लिक स्कूल मुखाला में भारत के महान क्रांतिकारी एवं अमर स्वतंत्रता सेनानी चन्द्रशेखर आज़ाद की जयंती श्रद्धा, सम्मान एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ चन्द्रशेखर आज़ाद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित करके किया गया। विद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थियों ने उनके अमूल्य योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर विद्यालय के वाइस प्रिंसिपल सुखदेव शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए चन्द्रशेखर आज़ाद के जीवन, उनके संघर्ष, त्याग, साहस एवं राष्ट्र प्रेम के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि 23 जुलाई 1906 को जन्में चन्द्रशेखर आज़ाद बचपन से ही निर्भीक, स्वाभिमानी और देशभक्त थे। उन्होंने अंग्रेज़ी शासन के विरुद्ध स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा अपने अद्वितीय साहस और बलिदान से भारत के युवाओं के लिए प्रेरणा का अमिट उदाहरण प्रस्तुत किया। सुखदेव शर्मा ने विद्यार्थियों को आज़ाद जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने, राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने तथा अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी महान क्रांतिकारी चन्द्रशेखर आज़ाद के जीवन से जुड़े प्रेरणादायक विचार प्रस्तुत किए और उनके बलिदान को नमन किया। विद्यालय परिवार ने इस अवसर पर देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले सभी वीर क्रांतिकारियों को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने चन्द्रशेखर आज़ाद के आदर्शों पर चलने तथा देश के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने का संकल्प लिया।