इन्द्री पश्चिमी यमुना नहर में अलग-अलग जगह मिले 2 शव, इलाके में फैली सनसनी,एक शव की हुई पहचान

27

इन्द्री विजय कांबोज ।।।। इन्द्री की पश्चिमी यमुना नहर में बुधवार को अलग-अलग स्थानों से दो शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पहला शव इन्द्री हेड के पास मिला जिसकी पहचान यमुनानगर के बुढिय़ा निवासी सुशील कुमार के रूप में हुई है। वहीं इन्द्री से करीब तीन किलोमीटर की दूरी पर एक अन्य शव बरामद हुआ है जिसकी उम्र करीब 50 से 55 वर्ष बताई जा रही है। दूसरे शव की अभी पहचान नहीं हो पाई है। वहीं हथनीकुंड बैराज में हुए सेना द्वारा चलाए जा रहे अभ्यास प्रशिक्षण के दौरान हुए हादसे हादसे के बाद नहर में और शव आने की आशंका जताई जा रही है। हादसे में डूबे दोनों आर्मी जवान अभी लापता बताए जा रहे हैं और उनकी तलाश लगातार की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह इन्द्री के गांव सांतड़ी के पास पश्चिमी यमुना नहर में एक शव तैरता हुआ दिखाई दिया। सूचना मिलते ही गोताखोर प्रगट सिंह मौके पर पहुंचे और शव को नहर से बाहर निकालकर किनारे लगाया। चूंकि हथनीकुंड बैराज में हुए हादसे के बाद दो आर्मी जवानों के लापता होने की बात सामने आई थी, इसलिए आशंका थी कि कहीं यह शव लापता जवानों में से किसी का तो नहीं है। मौके पर इंद्री पुलिस के साथ आर्मी के जवान भी पहुंचे लेकिन उन्होंने शव की पहचान अपने जवान के रूप में नहीं की। इसके बाद शव की तलाशी ली गई तो उसकी जेब से कुछ दस्तावेज बरामद हुए। दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान सुशील कुमार गांव निवासी बुढिय़ा, यमुनानगर के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, मृतक की जेब से पंजाब नेशनल बैंक से संबंधित कुछ दस्तावेज भी मिले हैं। इससे यह संभावना जताई जा रही है कि सुशील कुमार बैंक में कार्यरत था। इंद्री पुलिस ने संबंधित थाना पुलिस को सूचना दे दी है और परिजनों को भी मामले की जानकारी दी गई है।इसी दौरान इंद्री हेड से करीब तीन किलोमीटर की दूरी पर नहर से एक और शव बरामद हुआ। इस शव की उम्र करीब 50 से 55 वर्ष बताई जा रही है, लेकिन अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। दूसरे शव की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। गोताखोर प्रगट सिंह ने बताया कि उन्हें सुबह सूचना मिली थी कि गांव सांतड़ी के पास नहर में एक शव तैरता हुआ दिखाई दे रहा है। हथनीकुंड बैराज में आर्मी जवानों के डूबने की सूचना के चलते वह मौके पर पहुंचे थे। शव को बाहर निकालने के बाद आर्मी के जवानों ने उसकी पहचान अपने जवान के रूप में नहीं की। तलाशी के दौरान मिले दस्तावेजों से मृतक की पहचान सुशील कुमार के रूप में हुई। जांच अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि सुबह सूचना मिली थी कि पश्चिमी यमुना नहर में एक शव आया हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला गया। शव की शिनाख्त हो चुकी है। परिजनों और संबंधित थाना पुलिस को सूचना दे दी गई है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।