इन्द्री विजय काम्बोज । राष्ट्रीय वैज्ञानिक दृष्टिकोण दिवस के अवसर पर 20 अगस्त 2026 को शहीद उधम सिंह राजकीय महाविद्यालय, मटक माजरी, करनाल के रसायन शास्त्र विभाग की ओर से एक सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य विकास अत्री ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। मुख्य अतिथि विकास अत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन के हर पहलू को तार्किक एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझने की आवश्यकता है। यह तभी संभव है जब हम अपने दैनिक जीवन में वैज्ञानिक सोच को अपनाएं। उन्होंने हरियाणवी संस्कृति में निहित वैज्ञानिक दृष्टिकोण के विभिन्न पहलुओं से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया।
उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाकर समाज में फैले अंधविश्वास, पाखंड और रूढ़िवादी सोच से बचा जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से किसी भी बात को बिना तर्क और प्रमाण के स्वीकार न करने तथा वैज्ञानिक सोच को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर महेंद्र सिंह बागी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण के महत्व के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. गुलाब सिंह ने सभी वक्ताओं, विद्यार्थियों, उपस्थित प्राध्यापकों एवं मीडिया साथियों का धन्यवाद किया और कार्यक्रम को सफल बनाने में उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ. सुरेंद्र सिंह, उप-प्राचार्य, प्रोफेसर रणबीर सिंह, प्रोफेसर राज कुमार, डॉ. दीपा शर्मा, डॉ. शालिनी अग्रवाल, डॉ. रमेश कुमार, डॉ. सुरेश कुमार, डॉ. सुमित गोयल, डॉ. ममता रानी, डॉ. श्री भगवान, डॉ. विभा गोयल, डॉ. लक्ष्मी बिबान, डॉ. सविता रानी, डॉ. पूजा, डॉ. राजकुमार सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।









