स्टेशन पर यात्रियों के लिए पेयजल सुविधा उपलब्ध करवाने की पहल
नीलोखेड़ी/ करनाल विजय कांबोज।। हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक एवं रेल मंत्रालय के हिंदी सलाहकार समिति के सदस्य डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर आमजन को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होना अत्यंत आवश्यक है। नीलोखेड़ी रेलवे स्टेशन पर पेयजल की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए मुल्तानी सभा द्वारा वाटर कूलर लगाने की पहल सराहनीय है। डॉ. चौहान ने कहा कि सामाजिक संस्थाओं को जनहित से जुड़े ऐसे कार्यों में आगे आकर अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
डॉ. चौहान ने सोमवार को नीलोखेड़ी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं एवं यात्रियों को उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान स्टेशन मास्टर नरेंद्र ने डॉ. चौहान का स्वागत किया तथा उन्हें स्टेशन की वर्तमान व्यवस्थाओं और यात्रियों से जुड़ी सुविधाओं के बारे में विस्तार से अवगत करवाया। डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने स्टेशन परिसर का निरीक्षण करते हुए संबंधित व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली और आवश्यक सुधारों को लेकर चर्चा की।
डॉ. चौहान ने कहा कि नीलोखेड़ी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि राजभाषा हिंदी में कार्य करने के लिए भी सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए, क्योंकि हिंदी आमजन से सीधे जुड़ी भाषा है और सरकारी कार्यों में इसके अधिकाधिक प्रयोग से लोगों को सुविधाएं समझने में आसानी होती है। उन्होंने कहा कि जनहित के कार्यों में भाषा और सुविधा दोनों का विशेष महत्व है।
स्टेशन मास्टर नरेंद्र ने बताया कि नीलोखेड़ी रेलवे स्टेशन पर वर्तमान में यात्रियों के लिए वाटर कूलर की सुविधा उपलब्ध नहीं है। उन्होंने स्टेशन की अन्य आवश्यकताओं से भी अवगत करवाते हुए बताया कि यहां उचित शौचालय की सुविधा तथा सीसीटीवी कैमरों का भी अभाव है। इन आवश्यकताओं से संबंधित मांग एवं प्रस्ताव उच्च अधिकारियों को भेजे जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन व्यवस्थाओं का होना आवश्यक है।
मुल्तानी सभा, नीलोखेड़ी के प्रधान अश्वनी मेहंदीरत्ता ने कहा कि संस्था सामाजिक सेवा के माध्यम से क्षेत्र के लोगों और यात्रियों के लिए उपयोगी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि स्टेशन पर वाटर कूलर नहीं होने के कारण यात्रियों को विशेषकर गर्मी के मौसम में पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या को देखते हुए मुल्तानी सभा ने स्टेशन पर अपने स्तर पर वाटर कूलर स्थापित करने का निर्णय लिया है। संस्था रेलवे से केवल आवश्यक अनुमति चाहती है, ताकि यह सुविधा शीघ्र शुरू की जा सके। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में संस्था भविष्य में भी अपना सहयोग जारी रखेगी।









