इन्द्री विजय काम्बोज || दून पब्लिक स्कूल, मुखाला में महाराणा प्रताप जयंती बड़े धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सभी अध्यापकगणों ने महाराणा प्रताप जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। विद्यालय के वाइस प्रिंसिपल श्री सुखदेव शर्मा ने विद्यार्थियों को महाराणा प्रताप जी के जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की तथा उनकी वीरता, त्याग, स्वाभिमान और देशभक्ति की प्रेरणादायक गाथाओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि महाराणा प्रताप जी मेवाड़ के महान एवं वीर शासक थे, जिन्होंने अपने मातृभूमि और सम्मान की रक्षा के लिए जीवनभर संघर्ष किया। हल्दीघाटी का युद्ध उनकी वीरता और अदम्य साहस का प्रतीक माना जाता है। उनका प्रिय घोड़ा चेतक भी अपनी स्वामिभक्ति और बहादुरी के लिए प्रसिद्ध है। उन्होंने विद्यार्थियों को महाराणा प्रताप जी के आदर्शों पर चलने, देशप्रेम की भावना रखने तथा कठिन परिस्थितियों में भी कभी हार न मानने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर विद्यालय के अनेक विद्यार्थी उपस्थित रहे और कार्यक्रम को उत्साहपूर्वक मनाया।









