नारी शक्ति वंदन अभियान
करनाल विजय काम्बोज । हरियाणा सरकार द्वारा महिलाओं के उत्थान और नारी शक्ति वंदन अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के कलाकारों द्वारा गीतों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में विभाग के कलाकारों ने शुक्रवार को गांव गढ़ी जाटान, बल्ला, मोहड़ी जागीर, कतलाहेड़ी, कोयर, रायपुर जाटान और जुंडला में गीतों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया।
डीआईपीआरओ सत्यवान महिवाल ने बताया कि विभाग के कलाकारों द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना है। कलाकार अपने लोक गीतों के माध्यम से लोक सभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं की 33 प्रतिशत आरक्षण के लिए बिल, ड्रोन दीदी योजना, लखपति दीदी योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और महिला सुरक्षा के लिए टोल-फ्री नंबरों की जानकारी, मुद्रा योजना और अन्य सब्सिडी वाली ऋण योजनाओं के बारे में जागरूकता फैला रहे हैं। कलाकारों ने अपने गीतों के माध्यम से बताया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम (महिला आरक्षण) नारी के गौरव और सहभागिता को नए आयाम देने वाला कदम है। जब नारी सशक्त होगी, तभी परिवार और राष्ट्र का सर्वांगीण विकास संभव है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकार अपनी कला के माध्यम से इस संदेश को घर-घर पहुँचाने का काम कर रहे हैं।









