इन्द्री क्षेत्र में गोवंश के अवशेष मिलने की घटना पर डॉ. सुनील पंवार की कड़ी प्रतिक्रिया
इन्द्री विजय काम्बोज ||
राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुनील पंवार ने इन्द्री हल्के में गोवंश के कटे हुए सिर मिलने की घटनाओं की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि यह एक अत्यंत गंभीर एवं संवेदनशील घटना है। इस घटना ने क्षेत्र में आमजन के बीच गहरा आक्रोश उत्पन्न किया है तथा धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। ऐसी घटनाएं समाज में आपसी सौहार्द को बिगाडऩे और कानून-व्यवस्था को प्रभावित कर सकती हैं। इस संबंध में उन्होंने करनाल के पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखते हुए प्रशासन से मांग की है कि मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए त्वरित एवं निष्पक्ष जांच करवाई जाए। साथ ही दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। डॉ. सुनील पंवार ने यह भी कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार का धार्मिक तनाव या हिंसा उत्पन्न न हो, इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और सतर्कता बरती जानी चाहिए। अफवाहों पर नियंत्रण रखने के लिए प्रशासन को प्रभावी संचार व्यवस्था एवं निगरानी तंत्र को भी मजबूत करना चाहिए।
डॉ. पंवार ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल क्षेत्र में शांति, कानून-व्यवस्था एवं आपसी भाईचारे को बनाए रखना है। उन्होंने प्रशासन से अपेक्षा जताई कि वह इस संवेदनशील मामले में तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्रवाई करेगा।









