पिहोवा, 16 मार्च। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र प्रभारी डॉ मनीषा सिंह ने कहा कि सरस्वती तीर्थ पर 19 मार्च तक चैत्र चौदस मेला आयोजित किया जा रहा है। मेले में आने वाले लाखों लोगों को कोई दिक्कत न हो इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। एसएमओ डा. मनीषा सिंह के आदेशानुसार शहर में एंटी फ्लाई और एंटी लार्वा से बचाव के प्रति लोगो को पंपलेट बांटकर जागरूक किया जा रहा है। जिसमें लोगों को बताया गया की मक्खी मच्छरों से कैसे बचाव करना है व स्वच्छ पेयजल का क्या महत्व है।
एसएमओ डा. मनीषा सिंह ने कहा कि इसी कड़ी में स्वास्थ्य निरीक्षक मंजीत भोला के नेतृत्व में एमपीएचडब्ल्यू संजय काजल, विजय सिंह, मनदीप, प्रदीप, कुलदीप और तेजवीर गोरिया ने शहर के सरस्वती घाट के पास, पुराना बाजार, पिहोवा चौक, मुख्य बाजार, चीका रोड, हुडा ग्राउंड में एंटी लार्वा एक्टिविटी की, पंपलेट्स बांटे व मिठाइयों व चाय की दुकान पर जाकर सलाह दी गई कि खाद्य पदार्थ ढक कर रखे ताकि मक्खी न बैठ सके व धूल से सामान बचा रह सके। मंजीत भोला हेल्थ इंस्पेक्टर ने पब्लिक हेल्थ की टीम के साथ पानी के नमूनों का ओटी टेस्ट किया ताकि लोगों को कलोरिन युक्त पेयजल उपलब्ध हो सके। लोगों को स्वास्थ्य संबंधी बीमारियों से बचाव के लिए पंपलेट बांटे गए और उन्हें जागरूक किया।









