इन्द्री विजय काम्बोज || शहीद उधम सिंह राजकीय महाविद्यालय, मटक माजरी (इंद्री) की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिवस का शुभारंभ NSS गीत के साथ किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह बागी के निर्देशन में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता प्रोफेसर पूजा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और उन्हें स्वयं नशा न करने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने नशा न करने के लाभ तथा नशे के सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों के बारे में बताते हुए विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाया और उन्हें जागरूक किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन प्रो. कुलदीप द्वारा किया गया। इसके पश्चात डिजिटल लिटरेसी और ड्रग अवेयरनेस विषय पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। डॉ. बाल ऋषि ने सभी स्वयंसेवकों को राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों तथा समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए युवाओं की भूमिका के बारे में अवगत कराया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में महाविद्यालय के प्राचार्य का सहयोग सराहनीय रहा। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी प्रो. कुलदीप ने विद्यार्थियों को शिविर की आगामी गतिविधियों की रूपरेखा से अवगत कराया और सभी उपस्थित अतिथियों व प्रतिभागियों का औपचारिक धन्यवाद किया।
इसके पश्चात सभी स्वयंसेवकों ने दोपहर का भोजन किया। तत्पश्चात गांव मटक माजरी में कुछ समय श्रमदान किया गया तथा “नशा मुक्ति अभियान” थीम पर एक जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।









