विश्व विकलांग दिवस पर शपथ ग्रहण समारोह आयोजित

101
इन्द्री विजय काम्बोज|| शहीद उद्यम सिंह राजकीय महाविद्यालय में विश्व विकलांग दिवस के उपलक्ष्य में शपथ ग्रहण समारोह का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह बागी के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का संचालन एवं आयोजन प्रोफेसर डॉ. राजकुमार तथा डॉ. सुमित गोयल द्वारा किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सभी उपस्थित विद्यार्थियों एवं सभी शैक्षणिक सदस्यों के द्वारा संकल्प-पत्र के पाठ से हुई, जिसमें समाज में दिव्यांगजन के प्रति संवेदना, समान अवसर और सहयोग की भावना को सशक्त बनाने का आग्रह किया गया।इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. बागी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उनके अधिकारों की रक्षा एवं सशक्तिकरण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे संवेदनशीलता, सम्मान और सहयोग की भावना को हमेशा जीवित रखें। प्रोफेसर डॉ. राजकुमार और डॉ. सुमित गोयल ने विश्व विकलांग दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में जागरूकता बढ़ाने और सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सामाजिक समानता एवं अधिकारों की रक्षा हेतु शपथ ली। इस प्रकार विश्व विकलांग दिवस का यह शपथ ग्रहण समारोह महाविद्यालय में जागरूकता, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।