हरियाणा विधानसभा की शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाएं समिति ने किया उड़ीसा राज्य का अध्ययन दौरा
इन्द्री विजय काम्बोज । हरियाणा विधानसभा की शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाएं समिति द्वारा उड़ीसा राज्य का अध्ययन दौरा किया गया। दौरे की अध्यक्षता विधायक एवं समिति के अध्यक्ष रामकुमार कश्यप ने की।
इस दौरान समिति ने चिल्का लेक, श्री जगन्नाथ पुरी मंदिर एवं संत पड़ा स्कूल का भ्रमण किया जिसमें उड़ीसा की संस्कृति, शिक्षा व्यवस्था और सामाजिक जीवन को निकट से समझने का अवसर प्राप्त हुआ।
इस मौके पर विधायक रामकुमार कश्यप ने कहा कि यह अध्ययन यात्रा ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और अनुभवों से भरपूर रही।
समिति ने राज्य की शिक्षा और स्वास्थ्य संरचना की गहराई से समीक्षा की तथा स्थानीय जनजीवन, परंपराओं और प्रशासनिक कार्यप्रणाली का भी अवलोकन किया ताकि हरियाणा में भी इन सेवाओं को बेहतर बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि समिति का संकल्प शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी जनसेवाओं को और अधिक सशक्त, पारदर्शी एवं परिणामकारी बनाना है। इसी के दृष्टिगत यह दौरा उड़ीसा की श्रेष्ठ कार्यप्रणाली को समझने और हरियाणा में जनसेवाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।









