विधायक रामकुमार कश्यप ने डॉ. भीम राव अम्बेडकर हर्बल पार्क के विस्तार एवं सौंदर्यकरण कार्य का किया शिलान्यास

148

 एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पार्क परिसर में किया पौधारोपण

इन्द्री विजय काम्बोज । विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने शुक्रवार को डॉ. भीम राव अम्बेडकर हर्बल पार्क के विस्तार एवं सौंदर्यकरण कार्य का शिलान्यास किया। इस मौके पर विधायक ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पार्क परिसर में पौधारोपण भी किया।

इस अवसर पर विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने हर्बल पार्क के विस्तार एवं सौंदर्यकरण के कार्य के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने इस कार्य के लिए मुख्यमंत्री से विशेष अनुरोध किया था तथा मुख्यमंत्री ने इस पर तुरंत संज्ञान लेते हुए 30 लाख रुपए की राशि उपलब्ध करवाई है। उन्होंने कहा कि यह पार्क पहले 6 एकड़ में बना हुआ है तथा अब साथ लगती वन विभाग की 4 एकड़ भूमि में भी इस हर्बल पार्क का विस्तार किया जाएगा, जिससे यह हर्बल पार्क और अधिक बड़ा व सुंदर बनेगा तथा यहां के निवासियों व आस-पास के क्षेत्र के लोगों को पार्क में और अधिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि इसके अलावा पार्क में सुविधाओं के लिये डी-प्लान के तहत 5 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी, जिससे पार्क में शौचालय तथा ओपन जिम का निर्माण करवाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हर्बल पार्क में 30 लाख रुपये की राशि से 4 एकड़ की भूमि को समतल किया जाएगा तथा इसमें लोगों के सैर करने के लिये पगडंडियां बनाने, बैंच, झूले लगाने के साथ-साथ औषधीय व सजावटी पौधे भी लगाए जाएंगे ताकि इस पार्क की सुंदरता और निखर सके। उन्होंने कहा कि इस पार्क के विस्तार व सौंदर्यकरण का कार्य पूरा होने पर लोग इस पार्क में प्रात: व सायं की सैर के साथ-साथ प्राणायाम, व्यायाम, प्रकृति की सुंदरता व शुद्घ हवा का आनन्द ले सकेंगे। उन्होंने हर्बल पार्क कमेटी के पदाधिकारियों को आश्वासन दिया कि अगर पार्क के विस्तार व सौंदर्यकरण के लिए अधिक धन की आवश्यकता पड़ती है तो वह भी उपलब्ध करवाया जाएगा।
स्वच्छता पखवाड़ा के तहत स्वच्छता अभियान
विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने स्वच्छता पखवाड़ा के तहत डॉ. भीम राव अम्बेडकर हर्बल पार्क में स्वच्छता अभियान में भाग लिया तथा स्वंय सफाई करके लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि स्वच्छता को हमें अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए तथा लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करना चाहिए। विधायक ने बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक देशभर में सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। जिसके तहत प्रदेश भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है।
कार्यक्रम में वन मंडल अधिकारी पवन शर्मा, रेंज ऑफिसर रजत पांचाल व राकेश कुमार, मार्किट कमेटी चेयरमैन महिन्द्र प्रेमी पंजोखरा, मंडल अध्यक्ष विजय कश्यप, पार्षद वीना रानी, पार्षद गुरमीत सिंह, पार्षद राजिन्द्र मिड्ढïा, महामंत्री सुमित सैनी, रमन सैनी, हर्बल पार्क कमेटी के प्रधान जगदीश गोयल सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता व गणमान्य लोग मौजूद रहे।