दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के शुभारंभ कार्यक्रम को लेकर तैयारियों पूरी रखें अधिकारी:- एसडीएम

162

ग्राम सचिव कार्यक्रम के तहत अपने-अपने गांवों में मौजूद रहें तथा पात्र महिलाओं का करवाएं पंजीकरण

इन्द्री विजय काम्बोज । एसडीएम अशोक मुंजाल ने कहा कि 25 सितंबर को माननीय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पंचकूला से दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का शुभारंभ करेंगे, वहीं जिला स्तर व उप मंडल स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन्द्री में उपमंडल स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन 25 सितम्बर को बीडीपीओ कार्यालय इन्द्री के सभागार में किया जाएगा। कार्यक्रम में विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।

एसडीएम अशोक मुंजाल आज बीडीपीओ कार्यालय के सभागार में दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के शुभारंभ कार्यक्रम को लेकर अधिकारियों व कर्मचारियों की बैठक में बोल रहे थे।

एसडीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी आपसी तालमेल से कार्य करे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त संख्या में हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएं और मौके पर ही पात्र महिलाओं का पंजीकरण करवाया जाए। पंजीकरण पूरी तरह से निशुल्क रहेगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर रजिस्ट्रेशन डेस्क लगाने के साथ साथ सरल केंद्र व आधार संबंधित डेस्क भी लगाएं जाएं, ताकि जिन महिलाओं के पास संबंधित कागज की कमी है तो उसके लिए उसी समय आवेदन किया जा सके। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य जांच कैंप भी लगाया जाए, जिसमें कार्यक्रम में आने वाली महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की जा सके।

उन्होंने बैठक में मौजूद ग्राम सचिवों को निर्देश दिये कि कार्यक्रम के तहत अपने-अपने गांवों में मौजूद रहें तथा पात्र महिलाओं का पंजीकरण करवाएं। इस कार्य में वे गांव के सरपंच व पंचायतों सदस्यों का भी सहयोग ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि सभी ग्राम सचिवों को लाभार्थियों की लिस्ट उपलब्ध करवा दी गई है तथा वे कार्यक्रम को लेकर एक स्थान निश्चित कर लें और सभी पात्र महिलाओं को वहीं पर बुलाकर उनका पंजीकरण करवाना सुनिश्चित करें
इस मौके पर नगर पालिका सचिव धर्मवीर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।