विधायक रामकुमार कश्यप ने गांव रैतखाना, खानपुर व फुसगढ़ में 18 लाख की लागत से बने महिला सांस्कृतिक केंद्रों का किया उद्घाटन
इन्द्री विजय काम्बोज । विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने सोमवार को विधानसभा क्षेत्र के गांव रैतखाना, खानपुर व फुसगढ़ में करीब 18 लाख की लागत से बने महिला सांस्कृतिक केंद्रों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों, महिलाओं एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और विधायक का स्वागत किया व इस पहल के लिए सभी ने उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विधायक रामकुमार कश्यप ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सर्वांगीण विकास और सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। इसी कडी में ये सांस्कृतिक केंद्र महिलाओं को अपनी प्रतिभा और कौशल को निखारने के लिए नए अवसर प्रदान करेंगे, जिससे समाज में उनकी भागीदारी और भी बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक केंद्र न केवल महिलाओं को एक मंच प्रदान करेंगे, बल्कि उन्हें अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन करने और एक-दूसरे के साथ मिलकर काम करने का अवसर भी देंगे। इन केंद्रों से क्षेत्र की महिलाओं को न केवल सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भरता और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में भी नई राह मिलेगी।

दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का 25 सितंबर से होगा शुभारम्भ, पात्र महिलाओं को हर महीने मिलेगी 2100 रुपये की वित्तीय सहायता
इस अवसर पर विधायक रामकुमार कश्यप ने कहा कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जयंती अर्थात 25 सितंबर से प्रदेश में दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना शुभारम्भ होगा। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। यह योजना ‘सशक्त-महिला, समृद्ध-समाज, विकसित-हरियाणा’ के विजन को और मजबूत बनाएगी है। इस पहल से महिलाएं न केवल परिवार की आय में योगदान देंगी, बल्कि आत्मविश्वास के साथ समाज में भी अपनी भूमिका निभाएंगी।
उन्होंने बताया कि लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 25 सितंबर 2025 को 23 वर्ष या उससे अधिक आयु की सभी महिलाओं (विवाहित और अविवाहित) को लाभ मिलेगा। योजना के अंतर्गत पहले चरण में उन परिवारों को शामिल किया जाएगा जिनकी वार्षिक आय 1 लाख रुपये से कम है। आने वाले समय में, चरणबद्ध तरीके से अन्य आय समूहों को भी इस योजना में शामिल किया जाएगा।









