जलभराव वाले इलाकों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए जाएंगे मेडिकल कैंप

194

 इंद्री उपमंडल के गांवों में लगेंगे कैंप, ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच और दवाईयां कराई जाएंगी उपलब्ध

इंद्री विजय  काम्बोज || करनाल जिला के जिन गांवों में बरसात की वजह से जलभराव की स्थिति पैदा हुई थी, उन गांवों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 9 सितंबर से मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे। इन मेडिकल कैंपों में ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच व आवश्यक दवाइयां उपलब्ध करवाई जाएंगीं।

एसडीएम अशोक मुंजाल ने जानकारी देते हुए बताया कि मेडिकल कैंप इंद्री उपमंडल के गांव खुखनी, हलवाना और जपती छपरा गांवों में मेडिकल कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में प्रभावित ग्रामीणों को चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही जरूरत अनुसार क्लोरीन की गोलियां भी दी जाएंगी। उन्होंने बताया कि इन मेडिकल कैंपों के माध्यम से जलभराव के कारण होने वाली बीमारियों को रोकना और प्रभावित लोगों को तुरंत स्वास्थ्य सहायता प्रदान की जाएगी।

एक गांव में एक टीम करेगी विजिट
स्वास्थ्य विभाग के एसएमओ डॉक्टर संदीप अबरोल ने बताया कि एक गांव में स्वास्थ्य विभाग की एक टीम विजिट करेगी। इसमें एक डॉक्टर व अन्य सहयोगी स्टाफ शामिल होगा। गांव में ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच होगी। इसमें बुखार, खांसी, दस्त व अन्य समस्याओं की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि गांववासी पानी को उबाल कर पीएं। अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें।