विधायक रामकुमार कश्यप ने सिंचाई विभाग के विश्राम गृह में सुनी जन समस्याएं, अधिकारियों को जल्द समाधान के दिए निर्देश

205

 इन्द्री विजय कांबोज।     विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने सोमवार को सिंचाई विभाग के विश्राम गृह में जनता दरबार आयोजित कर हलके के लोगों की समस्याएं सुनीं तथा अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन विकास कार्यों को तेज गति से पूरा करवाएं ताकि लोगों को इनका लाभ समय पर मिल सके।

इस दौरान विधायक रामकुमार कश्यप ने कहा कि प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य समाज के हर वर्ग के हित, किसानों की खुशहाली और क्षेत्र की समृद्धि सुनिश्चित करना है। प्रदेश सरकार द्वारा कई जन कल्याणकारी योजनाएं चलाई गई हैं जिनका सीधा लाभ प्रदेश के हर वर्ग को मिल रहा है। उन्होंने आह्वान किया कि प्रदेश सरकार द्वारा चलाई गई योजनाओं का आमजन लाभ अवश्य उठाएं।

उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं एवं शिकायतों का निवारण करना न केवल उनका दायित्व है, बल्कि यह उनका कर्तव्य भी बनता है। यदि समस्याओं का समय रहते समाधान हो जाए तो संबंधित व्यक्ति को उसका सीधा लाभ मिल सकता है। उनका भी हमेशा यही ध्येय रहा है कि वे अपने स्तर पर जनता की समस्याओं का समाधान करवा सकें।

जन सुनवाई कार्यक्रम में गांव मुस्सेपुर से आये पंकज कुमार व अन्य ने गांव में सार्वजनिक चौपाल बारे, बीबीपुर जाटान से भूषण व अन्य ग्रामीणों ने गलियों बारे, रैयतखाना गांव से आए बनारसी दास ने आयुष्मान कार्ड व बीपीएल कार्ड बारे, गांव मटक माजरी से आये ग्रामीणों ने सीवरेज की सफाई से  सम्बन्धित, गांव नेवल से आये ग्रामीणों ने गांव में सार्वजनिक चौपाल बनवाने बारे सहित अन्य लोगों ने अपनी समस्याओं के समाधान बारे विधायक रामकुमार कश्यप से अनुरोध किया। विधायक ने हल्के से आये सभी लोगों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान करवाने का आश्वासन दिया।

समस्या का तुरंत समाधान होने पर महिलाओं ने विधायक का किया धन्यवाद
जनता दरबार के दौरान गांव भौजी खालसा से आई पिंकी, जमेरों व प्रेमो ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने बारे विधायक रामकुमार कश्यप से अनुरोध किया। इस पर विधायक रामकुमार कश्यप ने तुरंत प्रधानमंत्री आवास योजना के जिला कोर्डिनेटर जोगिन्द्र सिंह को इन महिलाओं की समस्या का निवारण करने बारे निर्देश दिये तथा उनकी समस्या का तुरंत समाधान करवाया गया। इन महिलाओं ने उनकी समस्या का तुरंत समाधान होने पर विधायक का धन्यवाद किया।