इन्द्री में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां, 6 जून को ब्लॉक स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता का राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इन्द्री में होगा आयोजन

19

इन्द्री विजय काम्बोज||

    अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 के खंड इंचार्ज डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि हरियाणा योग आयोग पंचकूला के आदेशानुसार, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. सतपाल जास्ट के नेतृत्व में व एसडीएम  अशोक कुमार मुंजाल के मार्गदर्शन में 21 जून  को 11 वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उपमंडल स्तर पर अनाज मंडी इंद्री में आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के तहत 6 जून को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इन्द्री में ब्लॉक स्तर की योगासन खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि इस ब्लॉक स्तर की प्रतियोगिता के विजेता जिला स्तर की योगासन खेल प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इसके बाद जिला स्तर की प्रतियोगिता के विजेता राज्य स्तर की योगासन खेल प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
आयुष विभाग के डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि योग हमारी प्राचीन पद्धति है और योग के माध्यम से हम अपने शरीर को पूरी तरह से स्वस्थ रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों में योग के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाना बहुत आवश्यक है।  योग क्रिया करने से मनुष्य मानसिक और शारीरिक रूप से तंदुरुस्त रहता है। योग हमारी प्राचीन परंपरा का एक अनमोल उपहार है। योग को नियमित रूप से जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने बताया कि योग मन और शरीर, विचार और कार्य, बाधा और सिद्धि को साकार रूप देता है, व्यक्ति और प्रकृति के बीच सामंजस्य बनाता है।यह केवल एक व्यायाम नहीं बल्कि प्रकृति और मनुष्य के बीच एक कड़ी है।