इन्द्री विजय कांबोज।।कांग्रेस के इन्द्री ब्लाक प्रधान सचिन बुढनपुर ने कहा कि एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली कांग्रेस की रैली ऐतिहासिक होगी और यह अब तक की सभी रैलियों का रिकार्ड तोड़ेगी। इन्द्री विधानसभा क्षेत्र से इस रैली में हजारों की संख्या में लोग शामिल होंगे।
बुढनपुर बुधवार को इन्द्री स्थित अपने कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि रैली को लेकर हलके में कार्यकर्ताओं और आम लोगों में भारी उत्साह है। इन्द्री से करीब 300 गाड़ियों का काफिला दिल्ली के लिए रवाना होगा। यह रैली कांग्रेस के लिए जीत का संदेश लेकर आएगी।
ब्लाक प्रधान ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा की झूठी नीतियों और खोखली घोषणाओं से जनता में भारी रोष है। दिल्ली रैली में वोट चोरी, चुनाव आयोग की मनमानी और जनविरोधी नीतियों जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा और भाजपा के कारनामों को जनता के सामने रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि आज देशभर में भाजपा के खिलाफ आवाज उठ रही है। प्रदेश में भाजपा ने वोट चोरी कर सरकार बनाई और जनता के साथ धोखा किया है। आज हर वर्ग परेशान है, लोग सड़कों पर हैं और बदलाव चाहते हैं। जनता के सामने एकमात्र विकल्प कांग्रेस पार्टी ही है। आने वाले चुनावों में कांग्रेस बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। आने वाला समय कांग्रेस का है।
इस अवसर पर सुमित मंढ़ाण, सोनू इन्द्रगढ़, रिंकू कलसौरा, रूपिन्द्र धूमसी, आशु इन्द्रगढ़, दीवेश ब्याना, ईशान कश्यप, जतिन कांबोज, शंटी ब्याना, यूनिश कांबोज, सतीश मलिक, अंग्रेज सांतड़ी व प्रिंस मलिक सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।









