इन्द्री विजय कांबोज। विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप की अध्यक्षता में आज पंचायत समिति कार्यालय सभागार में आगामी 5 नवंबर को करनाल में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के आगमन पर आयोजित होने वाली ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित हुई।
बैठक के दौरान पदयात्रा को सुचारू और सफल बनाने के लिए विभिन्न आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक रामकुमार कश्यप ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ मिलकर यात्रा के रूट, सुरक्षा, जनभागीदारी और स्वागत स्थलों की रूपरेखा पर चर्चा की। इस दौरान कार्यक्रम को भव्य रूप देने के लिए कार्यकर्ताओं को विशेष जिम्मेदारियां और कार्य सौंपे गए, ताकि आयोजन के दिन किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने कहा कि संगठन की शक्ति, कार्यकर्ताओं का समर्पण और जनभागीदारी ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर इस पदयात्रा को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने और लोकतांत्रिक मूल्यों, जनहित एवं राष्ट्रसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करने का आहवान किया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष प्रवीण लाठर, जिला सचिव दीपक सैनी, मंडल अध्यक्ष अनुज गर्ग, अनिल चौहान, जोनी शर्मा, संजय कुमार, मार्किट कमेटी चेयरमैन महिंदर सिंह पंजोखरा सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









