सुबह चार बजे से लाइन में खड़े किसानों का आठ बजे तक नहीं हुआ काम, मार्केट कमेटी सचिव के पहुंचने पर शुरू हुई गेट पास काटने की प्रक्रिया
इंद्री विजय कांबोज। इंद्री अनाज मंडी में गेट पास काटने में देरी होने पर बुधवार सुबह किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। मंडी के गेट नंबर-3 पर गेट पास नहीं कटने से नाराज किसानों ने हंगामा करते हुए करनाल-यमुनानगर स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया। इससे हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर इंद्री पुलिस और मार्केट कमेटी सचिव अमित मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के साथ बातचीत के बाद गेट पास काटने की प्रक्रिया शुरू हुई, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।
सुबह चार बजे से इंतजार कर रहे थे किसान
किसानों का आरोप था कि वे सुबह करीब चार बजे से गेट पास कटवाने के लिए लाइन में खड़े थे, लेकिन सुबह आठ बजे तक भी गेट पास काटने का काम शुरू नहीं हुआ था। किसानों ने बताया कि उन्होंने समस्या के समाधान के लिए मार्केट कमेटी सचिव को कई बार फोन भी किया, लेकिन समय पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे परेशान होकर किसानों ने विरोध जताते हुए हाईवे पर जाम लगा दिया।
हाईवे पर वाहनों की लगी लंबी कतारें
किसानों के जाम लगाने से करनाल-यमुनानगर स्टेट हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया। सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। अपने गंतव्य की ओर जा रहे वाहन चालकों और अन्य राहगीरों को काफी देर तक परेशानी झेलनी पड़ी। सूचना मिलने पर इंद्री पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों को समझाकर जाम खुलवाया।
कर्मचारियों के बीमार होने से प्रभावित हुई व्यवस्था
मार्केट कमेटी सचिव अमित ने बताया कि गेट नंबर-3 पर गेट पास काटने के लिए जिन कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी, उनके बीमार होने के कारण व्यवस्था प्रभावित हुई। स्थिति को संभालने के लिए अस्थायी तौर पर दो कर्मचारियों की तैनाती की गई और गेट पास काटने का काम शुरू करवा दिया गया।
पुलिस ने खुलवाया जाम
पुलिस अधिकारी सुभाष ने बताया कि किसानों के गेट पास नहीं काटे जाने के कारण हाईवे पर जाम लगने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया। इसके बाद गेट पास काटने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई।









