गांव खेड़ा में क्रिकेट टूर्नामेंट में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सोशल जस्टिस एंड एंपावरमेंट काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

1

रिंकू सैनी ने खिलाड़ियों के सम्मान में दिए 3100 रुपये, युवाओं को नशे से दूर रहने का किया आह्वान

खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और मेहनत की भावना विकसित करते हैं : रिंकू सैनी

इन्द्री  विजय काम्बोज || सोशल जस्टिस एंड एंपावरमेंट काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष रिंकू सैनी ने रविवार को गांव खेड़ा में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का परिचय लेकर उनका उत्साह बढ़ाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खिलाड़ियों के मान-सम्मान के लिए उन्होंने 3100 रुपये की राशि भी दी। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और कड़ी मेहनत की सीख देते हैं, जो जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए बेहद जरूरी हैं।

रिंकू सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं सशक्त भारत के संकल्प को साकार करने के लिए खेलों को बढ़ावा देना जरूरी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को निखारने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रयास कर रही है। सरकार की खेल नीति के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर भी जोर दिया जा रहा है।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे खेलों के प्रति अपनी रुचि बढ़ाएं और अपनी प्रतिभा के दम पर गांव, प्रदेश और देश का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित करने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।

नशे से दूर रहकर खेलों से जुड़ें युवा

रिंकू सैनी ने युवाओं में बढ़ते नशे के चलन पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नशा एक गंभीर सामाजिक बुराई है। युवाओं को इससे दूर रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा क्रिकेट, हॉकी, फुटबॉल और अन्य खेल गतिविधियों में लगाएं। युवाओं की पहचान नशे से नहीं, बल्कि खेल के जुनून, अनुशासन और मेहनत से होनी चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे गांवों में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल बनाएं और युवाओं को खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित करें, ताकि स्वस्थ, सशक्त और नशामुक्त समाज का निर्माण हो सके।

टूर्नामेंट के दौरान गढ़ी साधान और राजेपुर की टीमों के बीच मुकाबला हुआ। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर गांव की खेल कमेटी की ओर से मुख्य अतिथि रिंकू सैनी का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में गांव के सरपंच राजेश कंबोज, दिवाकर, अंकुश, अनुज, सनकी, अखिल, विक्रम बुढ़नपुर, मोहित इंद्री सहित एनआरआई साथी, खेल प्रेमी, ग्रामीण और क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।