सरपंच गांव का प्रतिनिधि, जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतर कर करें अधिक से अधिक करे विकास कार्य – मनोहर लाल

21

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने ली इंद्री ब्लॉक के सरपंचों की बैठक, हर गांव में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

इंद्री विजय कांबोज।। ।    केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी मामले मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि सरपंच गांव का प्रतिनिधि होता है और ग्रामीणों को अपने जनप्रतिनिधियों से बहुत सी अपेक्षाएं होती हैं। सरपंचों को इन अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए गांव के विकास के लिए अधिक से अधिक कार्य करवाने चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तरह सक्रिय है, लेकिन विकास कार्यों में जनता की भागीदारी भी जरूरी है। सभी को मिलकर ग्रामीणों की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए कार्य करना होगा।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल रविवार को इंद्री के पंचायत समिति कार्यालय में आयोजित सरपंचों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में उन्होंने सरपंचों से सीधा संवाद करते हुए गांवों की समस्याओं एवं विकास कार्यों की जानकारी ली तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब उन्हें साढ़े नौ वर्ष तक प्रदेश की सेवा करने का अवसर मिला, उस दौरान अनेक विकास कार्यों की घोषणाएं की गईं और किसी भी कार्य को रुकने नहीं दिया गया। अब भी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। शुरुआत में कुछ महत्वपूर्ण कार्यों को पूरा किया जाएगा और इसके बाद चरणबद्ध तरीके से अन्य कार्य भी पूरे करवाए जाएंगे।

हर पंचायत में हो लाइब्रेरी, बच्चों को मिले पढ़ाई का बेहतर माहौल
श्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रत्येक पंचायत में लाइब्रेरी की व्यवस्था होनी चाहिए। लाइब्रेरी ऐसा स्थान है, जहां बच्चे स्कूल के बाद बैठकर पढ़ाई कर सकते हैं। आज नौकरियों में मेरिट के आधार पर अवसर मिल रहे हैं, इसलिए बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं सहित अन्य विषयों की तैयारी के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध करवाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि लाइब्रेरी स्कूल जितनी ही जरूरी है। जिन गांवों में लाइब्रेरी के लिए स्थान उपलब्ध नहीं है, वहां सरपंच ग्रामीणों से बातचीत कर स्थान की व्यवस्था करने का प्रयास करें।

स्कूलों में मूलभूत सुविधाएं हों पूरी
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रत्येक गांव में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए। स्कूलों में पर्याप्त कक्षा-कक्ष, चारदीवारी, फर्नीचर और शौचालय सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। जिन स्कूलों में फर्नीचर की कमी है, वहां आगामी महीनों में प्राथमिकता के आधार पर फर्नीचर पूरा करवाया जाएगा।

उन्होंने गांवों के शिवधाम एवं स्कूल परिसरों में अधिक से अधिक पौधे लगाने का  भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरपंचों के मार्गदर्शन में युवाओं को पौधारोपण के लिए प्रेरित किया जाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधे लगाए जाएं और उनकी देखभाल भी सुनिश्चित की जाए।

फिरनी पक्की करने और स्ट्रीट लाइट लगाने पर जोर
श्री मनोहर लाल ने निर्देश दिए कि गांवों की फिरनियों को पक्का करवाने तथा फिरनियों पर स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य प्राथमिकता से किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव में ग्राम सचिवालय की व्यवस्था होनी चाहिए। पंचायत के बैठने के लिए उचित स्थान सुनिश्चित किया जाए। जहां पंचायत के बैठने की जगह उपलब्ध नहीं है, वहां सरपंच जल्द योजना तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करें।

हर पंचायत में बने व्यायामशाला
केंद्रीय मंत्री ने प्रत्येक पंचायत में योगशाला एवं व्यायामशाला बनाने तथा आवश्यकतानुसार योगा शेड स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है। गांवों में इन स्थानों के माध्यम से युवाओं को योग, व्यायाम एवं खेल गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। आने वाले समय में इन स्थानों पर वेलनेस सेंटर भी विकसित किए जायेगे।

विकास कार्यों की गुणवत्ता और रखरखाव पर भी दें ध्यान
श्री मनोहर लाल ने कहा कि सरपंच सक्रिय होकर कार्य करें तो विकास कार्य तेजी से पूरे होते हैं। उन्होंने कहा कि केवल कार्य करवाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पूरे हुए कार्यों का रखरखाव भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रत्येक सरपंच को निर्देश दिए कि गांव में हुए विकास कार्यों के निरीक्षण के लिए एक व्यक्ति की ड्यूटी लगाई जाए और निरीक्षण की रिपोर्ट नियमित रूप से रखी जाए, ताकि विकास कार्यों की गुणवत्ता एवं उनकी उचित देखभाल सुनिश्चित हो सके। उन्होंने सरपंचों से आह्वान किया कि वे ग्रामीणों के साथ समन्वय बनाकर विकास कार्यों को गति दें और गांव की जरूरतों के अनुसार प्राथमिकताएं तय करते हुए प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करें।

बैठक में राज्यसभा सांसद संजय भाटिया, विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हीप रामकुमार कश्यप, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण लाठर सांसद प्रतिनिधि कविंद्र राणा, सरपंच एसोसिएशन के प्रधान प्रताप सिंह, उप प्रधान शशी कम्बोज व प्रशासन की तरफ से उपायुक्त डा. आनंद कुमार शर्मा, एसडीएम डॉ. रमन गुप्ता, सीईओ जिला परिषद अमित कुमार, डीडीपीओ कंचन लता, बीडीपीओ गुरुमलक सिंह सहित अन्य विभागों के अधिकारी व इंद्री ब्लॉक के सरपंच मौजूद रहे।