लाडवा, 21 मार्च(नरेश गर्ग): लाडवा के संजय गांधी मेमोरियल पब्लिक स्कूल में होली पर राष्ट्र की उन्नति तथा सुख शांति के लिए यज्ञ का आयोजन किया गया। परम पूज्य विदेह योगी ने वैदिक मंत्रोचार के बीच, मुख्य यजमान, स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान पवन गर्ग, सचिव रविंद्र बंसल, प्राचार्य धर्मेंद्र खेड़ा, सुरेश सैनी, रूपेश गौड़, अशोक वर्मा, विजय बंसल, सुशील दुआ, अध्यापक गण एवं अन्य से आहुतियां डलवाई।
विदेह योगी ने कहा कि सही विधि से किया गया यज्ञ ही उत्तम फलदाई होता है। उन्होंने कहा कि होली पवित्रता, प्रेम तथा सामाजिक मिलन का त्यौहार होता है, जिसका संबंध कृषि व पशुपालन से भी है। फागुन मास में मां सरस्वती की गई आराधना का भी विशेष महत्व होता है। आशीर्वाद स्वरुप सभी के माथे पर गुलाल का तिलक लगाकर उन्होंने सबके मंगल की कामना की। वहीं स्कूल समिति के प्रधान पवन गर्ग ने पूजनीय विदेह योगी जी का विद्यालय आगमन पर स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने विदेह योगी द्वारा बताई गई यज्ञ की उचित विधि एवं महत्व के लिए उनका विशेष तौर पर धन्यवाद किया। विद्यालय की प्रगति पर जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि विद्यालय, जिसकी स्थापना धनौरा वासियो के सहयोग से हुई थी, दिन दुगनी रात चौगुनी उन्नति कर रहा है। उन्होंने सभी को होली पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं भी दी। प्राचार्य धर्मेंद्र खेड़ा ने विदेह योगी जी एवं विद्यालय प्रबंधन समिति का विशेष आभार व्यक्त किया एवं सबको होली की शुभकामनाएं दी। मौके पर राजबीर शर्मा, पूनम शर्मा, कविता लालर, मोनिका जिंदल, अजय गुप्ता, सरोज सैनी, सुनीता अरोड़ा, रेखा, अंजना, संजीव कुमार, रंदीप कौर, रविन्द्र वीर गुप्ता, श्यामा नंद, भूपेन्द्र रावत आदि मौजूद रहें।