इन्द्री विजय काम्बोज|| आयुष विभाग एवं हरियाणा योग आयोग पंचकूला के आदेशानुसार 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अन्तर्गत खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय के सभागार में खेल,शिक्षा व आयुष विभाग के संयुक्त तत्वाधान में उपमंडल स्तर पर योगासन खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस योगासन खेल प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के स्कूली छात्र-छात्राओं, महिला एवं पुरुषों ने भाग लिया। योगासन खेल प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागी जिला स्तर पर होने वाली योगासन खेल प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इसके उपरांत जिला स्तर की प्रतियोगिता के विजेता राज्य स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
यह जानकारी देते हुए आयुष विभाग के डॉ.संजीव ने बताया कि उपमंडल स्तर की योगासन खेल प्रतियोगिता में 10 से 14 वर्ष के लड़के एवं लड़कियों, 14 वर्ष से 18 वर्ष के लड़के एवं लड़कियों, 18 से 28 वर्ष के लड़के एवं लड़कियों, 28 से 40 वर्ष की महिला एवं पुरुषों, 40 से 60 वर्ष की महिला एवं पुरुषों तथा 60 वर्ष से अधिक आयु की महिला एवं पुरुषों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि योगासन खेल प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इन्द्री की प्रिंसीपल ज्योति खुराना ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस योगासन खेल प्रतियोगिता में शिक्षा एवं आयुष विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विशेष योगदान दिया। इस प्रकार योगासन खेल प्रतियोगिता का आयोजन निष्पक्ष एवं सफल रहा है।
आयुष विभाग के डॉ.संजीव ने बताया कि नियमित योग क्रियाए करने से न केवल हमारा शरीर तंदुरुस्त रहता है, बल्कि इससे हमारा मानसिक संतुलन भी ठीक बना रहता है। योग क्रियाओं के माध्यम से हम अपने आप को भंयकर बीमारियों से बचा सकते हैं। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति अपने शरीर को स्वस्थ रखना चाहता है और योग ही एक ऐसी पद्धति एवं विज्ञान है जिससे हम अपने शरीर को जीवन भर स्वस्थ व निरोगी रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्राचीन काल में मनुष्य अपने शरीर को योग से स्वस्थ बनाए रखते थे और सभी रोगों की यहीं दवा थी परन्तु आज हम प्रकृति के विरुद्ध आचरण करते हैं जिस वजह से हम सभी बीमारियों से पीड़ित रहते है। हमें प्रकृति के नियमों का पालन करना चाहिए, अपने मन में साकारात्मक विचारों को अपनाना चाहिए। योग ने पूरे विश्व को जोड़ा है जैसे योग शरीर, मन, बुद्धि व आत्मा को जोड़ता है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी को आयुष विभाग की ओर से रिफ्रेशमेंट उपलब्ध कराई गई।
इस मौके पर आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा रानी, डॉ. संजीव धीमान, डॉ. कृतिक मढ़ान, आयुष योग सहायक मीनाक्षी, रमन देवी, अनुज व डेविड फार्मास्सिट, पतंजलि के वरिष्ठ योगाचार्य धर्मपाल आर्य, विजय काम्बोज, अध्यापक बलराज काम्बोज, पीटीआई अशोक कुमार, राकेश चौहान सहित आयुष एवं शिक्षा विभाग के अधिकारीगण एवं कर्मचारियों सहित पतंजलि के योग साधक भी उपस्थित रहें