करनाल||
पुलिस अधीक्षक करनाल के कुशल निर्देशन में नशा मुक्त भारत – सुरक्षित भारत के संकल्प के तहत जिला करनाल में नशा विरोधी जागरूकता अभियान विभिन्न स्तरों पर निरंतर जारी है। इसी कड़ी में करनाल पुलिस की नशा मुक्ति टीम द्वारा डोर-टू-डोर अभियान चलाकर गांव कलहेड़ी, करनाल में ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान नशा मुक्ति टीम द्वारा गांव में सर्वे किया गया तथा ग्रामीणों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर ग्रामीणों से जिंदगी को हां, नशे को ना अभियान से जुड़ने का आह्वान किया गया और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया गया।
नशा मुक्ति टीम ने बताया कि नशामुक्त एवं स्वस्थ नागरिक ही देश की सुरक्षा और प्रगति की मजबूत नींव होते हैं।
अभियान के दौरान टीम द्वारा ग्रामीणों को यातायात नियमों की भी जानकारी दी गई तथा सड़क पर वाहन चलाते समय हेलमेट, सीट बेल्ट का प्रयोग करने एवं यातायात संकेतों का पालन करने की अपील की गई, जिससे दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
टीम इंचार्ज उप निरीक्षक सुखबीर सिंह ने अपील करते हुए कहा कि यदि कोई भी असामाजिक तत्व, संदिग्ध व्यक्ति अथवा वाहन दिखाई दे या किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत डायल 112 पर सूचना दें। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा नशा करने या नशा बेचने की जानकारी हो, तो उसकी सूचना नजदीकी पुलिस थाना में दें। इसके अतिरिक्त नशा संबंधी गतिविधियों की सूचना MANAS हेल्पलाइन नंबर 1933 पर भी दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
अंत में ग्रामीणों ने इस जनहितकारी पहल का स्वागत किया और सभी ने मिलकर “नशा मुक्त भारत – सुरक्षित भारत” का संकल्प लिया।









