आज हम शहीदों के बलिदानों की बदौलत ही आजादी का सुख भोग रहे है-सुखदेव शर्मा

1
इन्द्री विजय काम्बोज ||
दून पब्लिक स्कूल मुखाला में शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के शहीदी दिवस के अवसर पर एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्कूल के सभी अध्यापकों ने महान शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बलिदान को नमन किया।
इस मौके पर अध्यापक सुखदेव शर्मा ने विद्यार्थियों को भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव जैसे महान क्रांतिकारियों के जीवन के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि आज हम शहीदों के बलिदानों की बदौलत ही आजादी का सुख भोग रहे है। देश के अनेकों शूरवीरों ने देश को आजाद करवाने के लिए अपने प्राणों की आहूति दे दी थी। उन्होंने कहा कि हमें भी देश के महान सपूतों के बलिदानों को याद रखना चाहिए ओर उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलकर देश व समाज के विकास के लिए काम करना होगा। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा इंकलाब जिंदाबाद के जोशीले नारे भी लगाए गए, जिससे विद्यालय का माहौल देशभक्ति के रंग से रंग गया। सभी विद्यार्थियों और अध्यापकों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।