देश की एकता और अखंडता हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं, इससे कोई समझौता नहीं होगा- केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल

179

करनाल में आयोजित यूनिटी मार्च में पहुंचे केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल

बोले- हम दुनिया के देशों को छेड़ेंगे तो नहीं लेकिन कोई हमें छेड़ेगा तो उसे छोड़ेंगे नहीं

कर्ण झील पर हुआ यूनिटी मार्च का समापन, समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल रहे मौजूद

करनाल विजय  काम्बोज |। केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी मामले मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि आज देश स्वतंत्र है और देश का नेतृत्व प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। हमारी सेनाएं देश की रक्षा कर रही हैं। आज हम किसी देश को छेड़ेंगे तो नहीं लेकिन कोई हमें छेड़ेगा तो उसे छोड़ेंगे भी नहीं। देश की एकता और अखंडता हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं, इससे कोई समझौता नहीं होगा। भारत को 2047 तक विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाना है। देश पहले और मैं बाद में, की भावना के साथ चरित्र निर्माण व सामाजिक बुराइयों के खात्मे की ओर भी ध्यान देना होगा।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल रविवार को यूनिटी मार्च के समापन मौके पर कर्ण लेक पर यात्रा में शामिल लोगों को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

रियासतों को किया एकजुट
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि यूनिटी मार्च देश की एकता और अखंडता को दर्शाता है। स्वतंत्रता के समय देश में 562 रियासतें थी। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने तीन रियासतों को छोडक़र बाकी को एकजुटकर मजबूत राष्ट्र का निर्माण किया। उन्हीं के प्रयास से बाद में जूनागढ़ और हैदराबाद रिसायत को भी भारतीय संविधान को अपनाने के लिए राजी किया। जम्मू-कश्मीर की रियासत को मिलाने की जिम्मेदारी नेहरू को दी गई लेकिन यहां मामला फंस गया। जम्मू-कश्मीर में अलग प्रधान, अलग विधान और अलग झंडे के खिलाफ आवाज उठाने पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को जान गंवानी पड़ी। अब केंद्र सरकार ने वहां धारा 370 खत्म कर दी है और जम्मू-कश्मीर में भी दूसरे प्रदेशों की तरह देश के कानून लागू हैं। उन्होंने कहा कि लौह पुरुष ने लक्षद्वीप में भी भारतीय नौसेना का झंडा फहराने का कार्य किया।

आतंकवाद व नक्सलवाद पर लगाम
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि केंद्र सरकार के प्रयासों से आतंकवाद व नक्सलवाद और साम्प्रदायिक दंगों पर लगाम लगी है। नक्सली आत्मसमर्पण कर रहे हैं। उत्तर-पूर्वी राज्यों मे देशभक्ति की लहर दौड़ रही है। उन्होंने युवाओं और नागरिकों से ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ एकजुट होकर देश के संसाधनों और नीतियों को राष्ट्र हित में उपयोग करने का आह्वान किया।ं

भारत तीसरी आर्थिक शक्ति बनने की ओर अग्रसर
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि आज भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए पोखरण परमाणु परीक्षण का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज देश पर आर्थिक प्रतिबंध लगाए गए हैं। पोखरण परीक्षण के समय भी ऐसे ही प्रतिबंध लगाए गए थे। उन्होंने कहा कि जल्द ही ये प्रतिबंध भी हट जाएंगे। घबराने की जरूरत नहीं। आबादी हमारी संपदा है। इसका सदुपयोग किया जाएगा। भारत जल्द ही विश्व में तीसरी आर्थिक शक्ति बनेगा। भारत आज दूसरे देशों को बिजली निर्यात कर रहा है। देश में शिक्षा, ज्ञान और कौशल को बढ़ावा दिया जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने इस मौके पर युवाओं और नागरिकों को आत्म निर्भर भारत और नशा मुक्त भारत की शपथ दिलाई।

इस मौके करनाल के विधायक जगमोहन आनंद, इंद्री के रामकुमार कश्यप, नीलोखेड़ी के भगवान दास कबीरपंथी, मेयर रेणु बाला गुप्ता, डीसी उत्तम सिंह, एसडीएम अनुभव मेहता, घरौंडा के एसडीएम राजेश सोनी, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीण लाठर, सांसद प्रतिनिधि कविंद्र राणा, भाजपा जिला प्रभारी भारत भूषण जुआल, जिला महामंत्री सुभाष कश्यप, पूर्व जिलाध्यक्ष बृज गुप्ता, मानव पुरी, मेरा युवा भारत के क्षेत्रीय निदेशक डा. लाल सिंह, उप निदेशक सुरमयी शर्मा, सहायक निदेशक रेणु सिलग, कार्यक्रम सहायक पंकज, भाजपा नेता त्रिलोचन सिंह, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष मीना कंबोज, कृष्ण गर्ग, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के पूर्व सदस्य अमरनाथ सौदा, मार्केट कमेटी घरौंडा के चेयरमैन राजकुमार पालीवाल, इंद्री के महेंद्र पंजोखरा, पूर्व चेयरमैन ईलम सिंह आदि मौजूद रहे।