वन्दे मातरम् गीत ने लोगों को एकता के सूत्र मे बांधा,आजादी की लड़ाई में अदा की महत्वपूर्ण भूमिका:- रामकुमार कश्यप

99

राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर शहीद उधम सिंह राजकीय कॉलेज में उपमंडल स्तरीय कार्यक्रम आयोजित, विधायक रामकुमार कश्यप ने बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत

इन्द्री विजय काम्बोज ।   राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में आज शहीद उधम सिंह राजकीय कॉलेज मटक माजरी इन्द्री में उपमंडल स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक राम कुमार कश्यप, विशिष्ट अतिथि एसडीएम अशोक मुंजाल व उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नई दिल्ली में हुए कार्यक्रम को लाईव देखा व सुना। कार्यक्रम में वंदे मातरम् गीत भी गाया गया।

इस अवसर पर विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम् स्वतंत्रता सेनानियों व क्रांतिकारियों में जोश भरने का कार्य करता था। अंग्रेजों ने फूट डालो और राज करो की नीति के तहत जब बंगाल का विभाजन किया तो इस गीत ने लोगों को एकता के सूत्र में बांधने का काम किया तथा आजादी की लड़ाई में इस गीत ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष वंदे मातरम् की रचना के 150 वर्ष पूरे हो गये हैं। इस गीत की रचना बंकिमचंद्र चटर्जी द्वारा अक्षय नवमी के शुभ अवसर पर 7 नवंबर 1875 को की गई थी।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम् की महत्वता को देखते हुए भारत सरकार द्वारा इस कार्यक्रम को सात नवंबर 2025 से 7 नवंबर 2026 तक पूरे एक साल तक विभिन्न चरणों में चलाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा इस सम्बन्ध में एक वैबसाईट की भी शुरूआत की है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे इस राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम् को अपने स्वर में गाकर इस वैबसाईट पर अपलोड करें।

विधायक ने कहा कि कड़े संघर्षों और असंख्य बलिदानों के उपरांत हमें आजादी प्राप्त हुई है और हमें अपनी इस आजादी को मेनटेन करके रखना है। देश को आगे बढ़ाने का काम करना है। उन्होंने कहा कि आज भी देश के सामने पर्यावरण प्रदूषण, जल संकट, जलवायु परिवर्तन सहित अन्य कईं चुनौतियां है तथा केन्द्र व प्रदेश सरकार इन चुनौतियों को खत्म करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यह हमारा भी दायित्व बनता है कि इन चुनौतियों को खत्म करने में सरकार का सहयोग करें।

उन्होंने विद्यार्थियों को एक पेड़ मां के नाम अभियान में बढ़-चढ़ कर भाग लेने के लिये प्रोत्साहित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पर्यावरण प्रदूषण व जलवायु परिवर्तन जैसी समस्याओं से निपटने के लिये एक पेड़ मां के नाम अभियान की शुरुआत की थी। उन्होंने प्रतिभागियों को आत्मनिर्भर बनने तथा स्वदेशी अपनाने के लिये भी प्रेरित किया।

एसडीएम अशोक मुंजाल ने विधायक रामकुमार कश्यप का इस उपमंडल स्तरीय कार्यक्रम में पहुंचने पर उनका स्वागत किया तथा राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर सभी को शुभकामनाएं भी दी। उन्होंने इस अवसर पर वन्दे मातरम् गीत से सम्बन्धित प्रश्न भी उपस्थित विद्यार्थियों से पूछे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम 7 नवम्बर 1875 को बंकिमचंद्र चटर्जी द्वारा लिखा गया था। स्वतन्त्रता प्राप्ति के बाद डॉ राजेन्द्र प्रसाद ने संविधान सभा में 24 जनवरी 1950 में वन्दे मातरम् को राष्ट्रगीत के रूप में अपनाने सम्बन्धी वक्तव्य पढ़ा जिसे स्वीकार कर लिया गया।

कार्यक्रम में कॉलेज प्रिंसीपल महिन्द्र सिंह बागी, नगरपालिका चेयरमैन राकेश पाल, नगरपालिका सचिव  धर्मवीर सिंह, पवन काम्बोज, सुभाष खेड़ा, असलम नंदी, शिव कुमार कश्यप, रमन सैनी, सुनील शर्मा, राजेश, प्रो. राजकुमार, प्रो. सुरन्द्रि सिंह, डा0 दीपा सहित कॉलेज स्टाफ व गणमान्य लोग मौजूद रहे।