प्रेम नगर व गांधी नगर क्षेत्र में चल रही 3 अवैध डेयरियों पर नगर निगम ने की कार्रवाई, 1 डेयरी की सील, 3 पशु जब्त कर 30 हजार रुपये लगाया जुर्माना- डॉ. वैशाली शर्मा, निगमायुक्त।

71

डेयरी स्थानांतरित करने के लिए तीन डेयरी संचालकों को दी कड़ी चेतावनी, शिफ्ट न करने पर डेयरी होंगी सील, शहर में नहीं चलने दी जाएगी डेयरी, कार्रवाई रहेगी जारी- निगमायुक्त।
करनाल ||
नगर निगम करनाल ने मंगलवार को प्रेम नगर व गांधी नगर क्षेत्र में चल रही 3 अवैध डेयरी संचालकों के विरूद्घ कार्रवाई को अंजाम दिया। यह डेयरी संचालक बार-बार नोटिस देने के बावजूद भी पिंगली डेयरी कॉम्पलैक्स में डेयरी को स्थानांतरित नहीं कर रहे थे, जिसके कारण कार्रवाई की गई है।
नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने बताया कि कार्रवाई में मान कॉलोनी स्थित जयपाल पुत्र मोती राम की डेयरी को सील किया गया है। प्रेम नगर स्थित अनिल पुत्र ईलम सिंह डेयरी के 2 पशुओं को जब्त कर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसके संचालक को डेयरी शिफ्ट करने के लिए 2 दिन का समय दिया गया है। गांधी नगर स्थित राजपाल पुत्र कृष्ण लाल डेयरी के 1 पशु को जब्त कर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसके संचालक को भी डेयरी शिफ्ट करने की चेतावनी दी गई है।
इसके अतिरिक्त प्रेम नगर स्थित महेन्द्र पुत्र खिला राम डेयरी संचालक द्वारा डेयरी को पिंगली कॉम्पलैक्स में स्थानांतरित कर लिया गया है। नगर निगम की टीम को मौके पर पशु नहीं मिले। ईशम सिंह पुत्र रामजी लाल डेयरी संचालक द्वारा डेयरी को शहर से बाहर शिफ्ट कर लिया गया है, जबकि गांधी नगर गली नम्बर 7 में एक डेयरी संचालक को स्थानांतरित करने के लिए सख्त चेतावनी दी गई है। इन डेयरी संचालकों को स्पष्टï किया कि अगर वह शीघ्र अति शीघ्र डेयरी स्थानांतरित नहीं करते, तो इनकी डेयरी को भी सील कर पशुओं को जब्त कर लिया जाएगा।                          
उन्होंने बताया कि डेयरी सील करने की कार्रवाई हरियाणा नगर निगम अधिनियम 1994 की धारा 333 के तहत तथा पशुओं को जब्त करने की कार्रवाई इसी अधिनियम की धारा 332 के तहत की गई है। खास बात यह रही कि पशुओं को जब्ते करते समय उन्हें मौके पर ही पशुपालन विभाग की टीम द्वारा टैग लगाए गए, ताकि रिकॉर्ड सही सलामत रहे। जब्त किए गए सभी पशुओं को फूसगढ़ स्थित गौशाला में भेज दिया गया है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलती हैं, क्योंकि शहर में डेयरी हो तो गोबर से नाले चौक होने जैसी समस्या का सामना करना पड़ता है। इससे आस-पास के निवासी भी परेशान होते हैं। उनके द्वारा भी शिकायतें की जाती हैं। उन्होंने ऐसे डेयरी संचालकों को चेताते हुए कहा कि जो डेयरी निर्माण व प्लॉट अलॉटमेंट के बावजूद भी पिंगली डेयरी कॉम्पलैक्स में डेयरी को स्थानांतरित नहीं करेगा, उसकी डेयरी को अवश्य सील किया जाएगा और उनके पशुओं को भी कब्जे में लिया जाएगा। उन्होंने स्पष्टï किया कि शहर में कोई भी डेयरी चलने नहीं दी जाएगी। इसलिए हित इसी में है कि सभी पिंगली                डेयरी कॉम्पलैक्स में डेयरी निर्माण कर अपनी डेयरी को वहां स्थानांतरित कर लें। उन्होंने कहा कि डेयरी सील करने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
आज की कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं उप निगम आयुक्त अभय सिंह के नेतृत्व में की गई है। टीम में मुख्य सफाई निरीक्षक सुरेन्द्र चोपड़ा, सचिव राम करण भारद्वाज, सहायक मनोज मान व प्रदीप शर्मा, सफाई निरीक्षक मनदीप सिंह व संदीप कुमार, सहायक सफाई निरीक्षक प्रवेश कुमार व गुलाब सिंह, पशुपालन विभाग से वेटरनरी सर्जन, लिपिक दीपक पन्नू व सितेंदर कुमार, संजीव राठी तथा अन्य स्टाफ व भारी पुलिस बल मौजूद रहा।