पी. एम.आवास व डॉ. बी. आर. अंबेडकर आवास नवीनीकरण योजना के लाभार्थियों को लाभ देने में देरी कर रही सरकार :- विधायक पूजा

72

बराडा (जयबीर राणा थंबड)
प्रधानमंत्री आवास योजना व डॉ. बी.आर. अम्बेडकर आवास नवनीकरण योजना के तहत आवेदन करने वाले गरीब परिवारों को समय पर इन योजनाओं लाभ नहीं मिल पा रहा है। लाभार्थियों को इन योजनाओं का लाभ मिलने में देरी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे लाभार्थियों को उनके नए घर बनाने एवं पुराने घर के नवीनीकरण की योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। यह बात मुलाना विधायक पूजा ने कही। विधायक आज गांव धनौरा में मकान की छत गिरने से बुजुर्ग महिला की मौत पर दुख व्यक्त करने व उस महिला के पुत्र के घायल होने पर उनके परिवार से मुलाकात करने पहुंची थी।
विधायक ने कहा कि जानकारी के अनुसार इस हादसे में मृत्यु होने वाली महिला का नाम इन योजना के लाभार्थियों में था परंतु इस महिला को समय पर इस योजना का लाभ नहीं मिल पाया था। यदि इस महिला को इस योजना का लाभ समय से मिल जाता तो आज इतना बड़ा हादसा ना होता। यह सरकार की नितियों व प्रशासन कार्यप्रणाली की विफलता का जीता जागता सबूत है।
विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार ने देश की जनता से अपने घोषणा पत्र में ग़रीब परिवारों को 2024 तक पक्का मकान बनाने का वायदा किया था लेकिन आज 2025 भी आधा निकल चुका है लेकिन इन योजनाओं के तहत आवेदन करने वाले परिवारों को सालों बीतने पर भी अपने मकान में रहने का सपना पूरा नहीं हुआ है।जिन कुछ लाभार्थियों इसका लाभ मिला है तो किसी को पहली तो किसी को दूसरी व तीसरी किस्त मिलने का इंतजार है। बहुत से लाभार्थी तो अपने मकान तुड़वा चुके हैं जबकि नए भवन के निर्माण के लिए सहायता राशि की किस्तें नहीं मिली हैं। जिस कारण उन्हें परेशानीयां झेलनी पड़ रही है।
विधायक ने कहा कि सरकार की इन योजनाओं के लाभार्थियों का इंतजार लंबा खींचता चला जा रहा है। ये ग़रीब परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहे है। सरकार को इनकी परेशानियों की तरफ ध्यान देकर अपने वायदे मुताबिक़ प्रदेश के ग़रीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों को जल्द पक्के मकान बनाकर देने का काम करे ताकि भविष्य में किसी गरीब परिवार को इस तरह के हादसे का सामना न करना पड़े।