पिहोवा यज्ञदत्त शास्त्री|| स्वास्थ्य विभाग पिहोवा में बुधवार को सशक्त नारी सशक्त परिवार अभियान की निरंतरता में उपमंडल नागरिक अस्पताल पिहोवा में सहजन, बेल पत्र, इमली, पपीता आदि औषधिय पौधों को लगाकर पौधारोपण किया गया और आदेश मेडिकल कालेज के सहयोग से विशेषज्ञ चिकित्सों द्वारा मरीजों के लिए मेगा कैंप लगाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रवर चिकित्सा अधिकारी डा. मनीषा सिंह द्वारा की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ अनाज मंडी प्रधान नवीन गर्ग और सुखबीर सैनी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर डा. मनीषा सिंह ने बताया कि यह कार्यक्रम 2 अक्टूबर तक चलाया जाएगा, जिसमे महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर जांच कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में एनीमिया जांच, गर्भवती महिलाओं की जांच, किशोरियों के लिए हाइजीन सम्बन्धी जानकारी देना, तीस वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, तनाव आदि लक्षणों की एनसीडी के तहत जांच की जाएगी। सभी स्वास्थ्य जानकारी यूविन ऐप में दर्ज की जाएगी। सभी स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनवाड़ी केंद्रों, स्कूलों में लगभग तीन सौ कैंप पिहोवा क्षेत्र में लगाए जा रहे हैं। इन कैंपों के साथ ही दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के शुभारंभ पर 25 सितंबर 2025 को विशेषे कैंप भी लगाया जा रहा है। इस अवसर पर भाजपा नेता सुखबीर सैनी, डॉ रमा प्रवर चिकित्सा अधिकारी, डॉ नमिता गुप्ता एएसएमओ, एसएनओ शकुन्तला, डॉ गुरप्रीत सिंह, मीना एलएचवी तथा अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।









