कहा: मिलजुल कर काम करते हुए शिक्षा विभाग का नाम और रोशन करें
सेवानिवृत्ति के उपलक्ष्य में हसला ने डीईओ सुदेश ठुकराल को किया सम्मानित
करनाल विजय काम्बोज ||
हरियाणा स्कूल लैक्चरर एसोसिएशन (हसला) के द्वारा 31 अक्तूबर को सेवानिवृत्त हो रही जिला शिक्षा अधिकारी सुदेश ठुकराल के सम्मान में सैक्टर-8 स्थित में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ज्योत्सना मिश्रा, सुदेश ठुकराल के पुत्र मेजर करण ठुकराल, पुत्रवधु सिमरण, पुत्री जिज्ञा, भाई दविन्द्र चौधरी, बहन शकुंतला, विजय छाबड़ा व अनिल सैनी आदि शामिल रहे। हसला के जिला प्रधान डॉ. रमेश भूरा के नेतृत्व में जिला शिक्षा अधिकारी व परिजनों का स्वागत किया।
सुदेश ठुकराल ने अपने संबोधन में कहा कि प्राध्यापकों ने उनके सेवानिवृत्ति समारोह को यादगार व अविस्मरणीय बना दिया। इस मौके पर सभी के द्वारा व्यक्त किए गए विचारों से उन्हें पता चला कि उनके प्रति अध्यापकों में अच्छी भावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी के रूप में काम करते उनकी यही भावना रही कि वे एक ग्रुप लीडर की तरह काम करें। इस दौरान शिक्षा विभाग ने अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं। इन उपलब्धियों का श्रेय भले ही उन्हें दिया जा रहा हो, लेकिन इसका सारा श्रेय विभाग में कर्मठता व मेहनत से काम करने वाले एक-एक साथी व अध्यापकों को जाता है। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य को संवारने में अध्यापकों की अहम भूमिका होती है। अध्यापक मिलजुल करते रहें। तभी हमारा जिला शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धियां छूएगा।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ज्योत्सना मिश्रा ने कहा कि शिक्षा का काम करते हुए डीईओ सुदेश ठुकराल के सानिध्य व मार्गदर्शन में उन्हें काम करना का मौका मिला है। मैडल का कुशल नेतृत्व व शैक्षिक सरोकार उनके आगामी कार्यकाल के लिए सदा मार्गदर्शन देने का काम करेंगे। जिला प्रधान डॉ. रमेश भूरा ने कहा कि सुदेश ठुकराल जी की सेवानिवृत्ति एक युग की विदाई का समय है। उन्होंने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी सुदेश जी ऐसे व्यक्तित्व की मालिक हैं, जो सदा अपनी सादगी, सौम्यता व कुशल मार्गदर्शन के लिए जाना जाएगा। उन्होंने अपने जीवन के स्वर्णिम पल शिक्षा विभाग को नई ऊंचाईयां प्रदान करने के लिए लगाए हैं। उन्होंने कहा कि सुदेश ठुकराल जी की सेवानिवृत्ति पर उन्हें सम्मानित करते हुए सभी उनके प्रति उच्च भावों से भरे हुए हैं। मंच संचालन पुष्पाल कांबोज ने किया। कार्यक्रम के दौरान जिला विज्ञान विशेषज्ञ दीपक वर्मा, डॉ. मनोज रिंडल, जितेन्द्र राणा, मनीषा सैनी, पवन कुमार, शिव कुमार, वीणा शर्मा, कांता वर्मा, अरुण कैहरबा, डॉ. गमन रंधावा, सुरेश दीक्षित, डॉ. सचिन, महीपाल, डॉ. सुरेन्द्र, दलजीत सिंह, सतीश खुंडिया व यशपाल सहित हसला के अनेक पदाधिकारियों ने जिला शिक्षा अधिकारी के साथ काम करने के अपने अनुभव रखे व उन्हें सम्मानित किया।









