करनाल विजय काम्बोज |। करनाल सहकारी चीनी मिल द्वारा गांव सदरपुर में गन्ना विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया जिसमें गांव सदरपुर मुंडो गढ़ी, बलहेड़ा, लालूपुरा के किसानों सहित करनाल चीनी मिल के अधिकारियों व कर्मचारियों ने भाग लिया। गन्ना विचार गोष्ठी की अध्यक्षता करनाल चीनी मिल की प्रबन्ध निदेशक अदिति ने की।
प्रबन्ध निदेशक अदिति ने बताया कि किसानों से अक्तूबर महीने में गन्ने की फसल की बिजाई ट्रेंच व चार फुट पर तथा उसके साथ अन्त: फसलें जैसे सरसों, लहसुन, चना, मेथी, धनिया व गेहूं की फसल की बिजाई करने का अनुरोध किया। उन्होंने मिल में आने वाली समस्याओं के बारे में किसानों से चर्चा की और कुछ किसानों द्वारा रखी गई मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया। उन्होंने किसानों से मिल में सीओ-5011 किस्म का रकबा कम करने का भी अनुरोध किया और इसके स्थान पर नई गन्ना किस्मों का रकबा बढ़ाने के लिए गन्ना शोध संस्थान से किसानों को बीज उपलब्ध करवाने का भी आश्वासन दिया। गोष्ठी में मौजूद गन्ना विकास निरीक्षक ने गन्ने की फसल की बिजाई की नई विधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। किसान गोष्ठी में लगभग 100 किसानों ने भाग लिया। सभी किसानों ने गन्ना फसल विचार गोष्ठी में पहुंचने पर करनाल शुगर मिल की प्रबन्ध निदेशक अदिति व साथ में आये हुए चीनी मिल के अधिकारियों व कर्मचारियों का धन्यवाद किया। मिल के प्रबंध निदेशक ने बताया कि किसानों को लगातार जागरूक करने व उनकी समस्याओं के समाधान के लिए इस प्रकार की गोष्ठियों का आयोजन गांव-गांव में किया जाएगा।









